: एसडीएम ने दिए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश : छापेमारी में 47 बोरी गेहूं बरामद : कांशीराम नगर। कासगंज क्षेत्र में जब से उपजिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह ने कार्यभार सम्भाला है उस समय से राशन डीलरों एवं खाद्यान की कालाबाजारी करने वाले लोगों की शामत आ गयी है। नरेंद्र सिंह ने छापा मारकर 47 बोरी गेहूं बरामद किया है। इसमें जिस राशन डीलर का नाम सामने आया है वह कल्पतरु एक्सप्रेस का पत्रकार भी है। पत्रकार पुष्पेन्द्र सोनी रात से गायब हैं तथा अभी तक विभाग को आपूर्ति का कोई अभिलेख उपलबध नहीं कराया है, जिसके बाद उपजिलाधिकारी ने पुष्पेंद्र सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश आपूर्ति विभाग को दे दिया है।
बताया जा रहा है कि कासगंज में कल्पतरु एक्सप्रेस के ब्यूरोचीफ के रूप में काम करने वाले पुष्पेंद्र सोनी राशन डीलर भी है। प्रशासन को खाद्यान्न में गड़बड़ी करने की काफी शिकायतें मिली थी। बताया जा रहा है कि एक सूचना के आधार पर एसडीएम नरेंद्र सिंह ने नरदई गेट स्थित सुनहरी चक्की पर छापा मारा तथा वहां से 47 बोरी गेहूं बरामद किया। सुनहरी चक्की संचालक का कहना है कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति गेहूं बेच कर गया है। इस संदर्भ में एसडीएम का कहना है कि यह गेहूं अन्त्योदय राशन धारकों का है, जो पुष्पेंद्र सोनी द्वारा बेचा गया है। प्रशासन के प्रयास के बाद न तो पुष्पेंद्र सोनी उनसे मिला और ना ही अपना रिकार्ड दिखाया। इस संदर्भ में पुष्पेंद्र सोनी का पक्ष लेने का फोन किया गया परन्तु बात नहीं हो सकी।






