अभी कुछ दिन पहले राष्ट्रीय सहारा के ऑफिस में चाय के बाद पानी मिलना बंद हुआ था. अब महुआ के पटना ऑफिस में भी चाय मिलना बंद हो गया है. कर्मचारी तो कर्मचारी अब मेहमानों के चाय पर भी रोक लगा दी गई है. मेहमान को बुलाना है तो अपना चाय-पानी कराइए. चैनल अब चाय-पानी का खर्चा नहीं उठाएगा. दरअसल कोलकाता और मुंबई कार्यालय में खर्च की कटौती के बाद अब पटना कार्यालय में खर्च कटौती का फरमान जारी कर दिया गया है.
महुआ के सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले नोएडा से पटना कार्यालय में एक आदेश आया है, जिसमें कार्यालय में चाय खर्च पर रोक लगा दिया गया है. बताया जा रहा है कि महुआ के अंदर के हालात बेहतर नहीं हैं. यही कारण है कि खर्च में लगातार कटौती की जा रही है. सूत्रों का कहना है कि खर्च में पटना के साथ रांची कार्यालय को भी यह फरमान सुना दिया गया है. बहरहाल पिछले छह महीने से स्ट्रिंगरों का पैसा न देना, उसके बाद दो महानगरों में बोरिया बिस्तर समेटना तथा बाद में बिहार-झारखंड के ब्यूरो कार्यालय में खर्च कटौती का फरमान जारी करना बताता है कि चैनल के हालात ठीक नहीं है. आगे-आगे देखिए क्या होता है?
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





