लखनऊ : चुनाव आयोग ने बढ़ती शिकायतों के चलते मंगलवार की देर रात अहम फैसला लेते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के एडीजी, गोंडा के जिलाधिकारी और मुरादाबाद के आईजी समेत राज्य के सात अधिकारियों को हटाने का आदेश दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि गोंडा के जिलाधिकारी राम बहादुर को हटाकर उनके स्थान पर विशेष सचिव नियुक्ति रोशन जैकब को तैनात करने का आदेश दिया गया है। राम बहादुर उस समय चर्चा में आए थे, जब अदम गोंडवी की मदद की थी।
आईजी मुरादाबाद एमके बशाल के स्थान पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से हाल ही में लौटे आईपीएस अधिकारी पीयूष आनंद को नियुक्त किया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान पीयूष आनंद सीबीआई में तैनात थे। वहीं आयोग ने एनसीआर जोन के एडीजी केएल मीणा को हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। बताया जा रहा है कि मीणा को इसलिए हटाया गया है क्योंकि उप्र में कहीं और एडीजी जोन की व्यवस्था नहीं है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव तक इस पद पर किसी और की तैनाती नहीं की जाएगी। इसके अलावा मथुरा के जिला विद्यालय निरीक्षक एके मिश्रा व जिला आपूर्ति अधिकारी अशोक कुमार, एचएसओ नोएडा अनुजा चौधरी तथा एसओ गाजीपुर आरआर यादव को भी हटा दिया गया है। इन सभी लोगों के खिलाफ निर्वाचन आयोग को शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद इन्हें हटाया गया है।





