दैनिक जागरण, पानीपत के पांच पत्रकारों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया. सभी बदमाश शराब के नशे में धुत थे. पत्रकारों से मारपीट करने की कोशिश की गई. किसी तरह पत्रकारों ने इधर उधर भाग कर अपनी जान बचाई. पत्रकारों की सूचना पर मौके पर जागरण कई और पत्रकार भी पहुंच गए. कई बार फोन करने के बाद भी क्षेत्रीय चौकी-थाने के इंचार्ज मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके बाद पत्रकारों ने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन किया. पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया. तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है.
जानकारी के अनुसार डेस्क पर काम करने वाले सीनियर जर्नलिस्ट सुधीर कुमार, समर बहादुर, ब्रजेश त्रिपाठी, संजय झा एवं योगेन्द्र शर्मा रात को काम निपटाकर घर जा रहे थे. ऑफिस की गाड़ी ने रोज की तरह इन लोगों को नांगल खेड़ी गांव के पास उतार दिया, जहां से ये लोग पैदल ही अपने अपने घर की तरफ जाने लगे. बीच रास्ते में आठ-दस की संख्या में मौजूद दबंग बदमाश इन लोगों से बिना बात गाली-ग्लौज करने लगे तथा हाथापाई करने लगे. सभी ने नशा कर रखा था. पत्रकारों ने इसकी सूचना अपने सहयोगियों को दी. जागरण के कई कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो ये बदमाश उनसे भी हाथापाई करने पर उतारू हो गए.
पत्रकारों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय चौकी और थाने को देनी चाही पर किसी भी पुलिसवाले ने फोन नहीं उठाया. अंत में एसपी समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कई आला अफसर मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखकर कुछ बदमाश खिसक गए परन्तु तीन को पुलिस ने पकड़ लिया. इसके पहले भी जागरण के पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, परन्तु शिकायत के बाद भी पुलिस लापरवाह बनी रहती है, जबकि पत्रकारों का काम हर रोज रात में ही खतम होता है.






