चिटफंडिया चैनल जीएनएन न्यूज से खबर है कि पीसीआर तथा कैमरा सेक्शन का हड़ताल खतम हो गया है. प्रबंधन के सेलरी तीन दिन के अंदर देने के आश्वासन के बाद इन कर्मचारियों ने सोमवार की रात लगभग नौ बजे से काम करना शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि चैनल प्रबंधन अपने कर्मचारियों को सेलरी दो तरीकों से देता है. कुछ लोगों की सेलरी उनके एकाउंट में आती है तो कुछ लोगों को कैश दिया जाता है.
खबर है कि हड़ताली कर्मचारियों के दबाव में प्रबंधन ने जब कैश में सेलरी पाने वाले लोगों को पैसा पेमेंट कर दिया तब जाकर पीसीआर और कैमरा सेक्शन के लोग काम पर लौटे. बताया जा रहा है कि अंदरूनी तौर पर हड़ताली टेक्निकल कर्मचारियों को एडिटोरियल टीम का भी सहयोग मिल रहा है. प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि तीन दिन के भीतर सभी की सेलरी उनके एकाउंट में पहुंच जाएगी. इसके बाद ही सभी कर्मचारी काम पर लौटे.
बताया जा रहा है कि प्रबंधन पर पूरा दबाव बना हुआ है. कर्मचारी भी चेतावनी दे चुके हैं कि अगर तीन दिन के भीतर सेलरी नहीं मिली तो फिर उन्हें हड़ताल पर जाने से कोई नहीं रोक सकता है. उल्लेखनीय है कि सोमवार को टेक्निकल कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के चलते शाम पांच बजे का बुलेटिन प्रसारित नहीं हो सका था तथा साढ़े छह बजे होने वाला पैनल डिस्कशन भी नहीं हो सका था. प्रबंधन को एमसीआर से बुलेटिन चलाना पड़ा था.





