लखनऊ। यूपी का अगला सीएम कौन होगा यह लगभग तय हो चुका है. सूत्र बता रहे हैं कि राज्य के अगले सीएम युवा सांसद व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव होंगे. सपा सुप्रीमो ने किसी वरिष्ठ को सीएम बनाए जाने की मांग कर रहे वरिष्ठ नेता आजम खान और शिवपाल सिंह यादव को मना लिया है. सूत्रों का कहना है कि मुलायम सिंह यादव के घर हुई इन नेताओं की बैठक में एक फार्मूले के आधार पर अखिलेश के नाम पर सहमति बन गई है.
इस फार्मूले के अनुसार आजम खान को स्पीकर बनाया जाएगा, वहीं शिवपाल सिंह यादव महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री और सरकार के दूसरे सबसे प्रमुख व्यक्ति होंगे. बताया जा रहा है कि आज होने वाली समाजवादी पार्टी के विधायक दल की बैठक में इस पर औपचारिक रूप से मुहर लग जाएगी. सूत्रों के अनुसार इस बैठक में आजम खान ही अखिलेश को सीएम बनाने जाने का प्रस्ताव रखेंगे तथा शिवपाल उसका अनुमोदन करेंगे. पहले यही दोनों नेता मुलायम सिंह को मुख्मंत्री बनाए जाने की बात कर रहे थे. चुनाव जीतने के बाद मुलायम सिंह की आजम खान के साथ यह पहली मुलाकात थी.
उल्लेखनीय है कि इसके बाद अखिलेश के सुर भी बदले नजर आए. अब तक 'नेताजी' के मुख्यमंत्री होने की बात कहने वाले अखिलेश अब यह बात कहने से बच रहे हैं. पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि जल्द ही आपको पता चल जाएगा कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा. गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के विधायक दल की शनिवार बैठक होने वाली है. इस बैठक में सपा के निर्वाचित सभी 224 विधायक शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह आगे की रणनीति को देखते हुए अखिलेश को सीएम बनाना चाहते हैं. बहुमत की सरकार में सीएम पद की जिम्मेदारी संभालना अखिलेश के लिए भी मुश्किल नहीं होगा.






