: मुंबई में भी होगा हिंदी अखबारों में घमासान : मुंबई में जल्द ही हिंदी अखबारों में घमासान होने वाला है. लोकमत ग्रुप का हिंदी अखबार लोकमत समाचार नए साल में मुंबई से अपना प्रकाशन शुरू कर सकता है. इसके पहले इस अखबार का पुणे एडिशन लांच होने वाला है. सूत्रों के अनुसार लोकमत समाचार के दोनों एडिशन (पुणे व मुंबई) नए साल में लांच हो जाएंगे. इसके बाद दैनिक भास्कर भी पुणे होते हुए मुंबई पहुंचने वाला है.
अभी नागपुर में रहकर लोकमत ग्रुप के हिंदी दैनिक लोकमत समाचार का संपादक के रूप में काम देख रहे गिरीश मिश्र का तबादला पिछले दिनों पुणे के लिए कर दिया गया था. पुणे में उनके नेतृत्व में लोकमत समाचार हिंदी दैनिक का पुणे एडिशन अगस्त में लांच होने वाला था. लेकिन कुछ तकनीकी कारणों की वजह से लांचिंग में देरी हो रही है. श्री मिश्र पुणे के बाद मुंबई एडिशन लांच कराएंगे. ज्ञात हो कि लोकमत ग्रुप अपने हिंदी अखबार दैनिक लोकमत समाचार का तेजी से विस्तार कर रहा है. पुणे और मुंबई में हिंदी भाषियों की बड़ी संख्या है. जलगांव में लोकमत समाचार बीते 15 मई को लांच हो चुका है. फिलहाल लोकमत समाचार के चार एडिशनों का प्रकाशन नागपुर, कोल्हापुर, अकोला और औरंगाबाद से किया जा रहा है. जलगांव पांचवां हिंदी एडिशन होगा.
भास्कर ग्रुप के मराठी अखबार दिव्य मराठी की लांचिंग के बाद दैनिक भास्कर भी महाराष्ट्र में अपना तेजी से विस्तार कर रहा है. दिव्य मराठी के औरंगाबाद एडिशन के लांच होने के साथ ही यहां से दैनिक भास्कर का प्रकाशन भी शुरू किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार दिव्य मराठी का मुंबई एडिशन भी जल्द ही लांच होगा. इसी के साथ दैनिक भास्कर का प्रकाशन भी मुंबई से शुरू हो जाएगा. बता दें कि मुंबई व आसपास के इलाकों में हिंदी भाषियों की संख्या करीब 45 लाख है. फिलहाल यहां से नवभारत टाईम्स व नवभारत सहित कई छोट-मोटे हिंदी दैनिक प्रकाशित होते हैं. पर यहां हिंदी अखबारों में प्रतिस्पर्धा जैसी स्थिति न होने की वजह से अग्रेजी व मराठी अखबारों जैसी पठनीय सामाग्री हिंदी के पाठकों को नहीं मिल पाती.
कानाफूसी
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित






