कर्नाटक विधानसभा के बाद अब गुजरात विधानसभा में भी दो विधायकों पर पोर्न देखने का आरोप लगा है. हालांकि इस मुद्दे पर कोई शिकायत दर्ज नही की गई और ना ही कोई कार्रवाई ही की गई है. बीजेपी के महामंत्री व विधायक शंकर चौधरी और विधायक जेठा बरवाड पर अश्लील फोटोग्राफ देखने का आरोप लगा है. मामला सामने आने के बाद विपक्ष सरकार को विधानसभा में घेरने की कोशिश में है. दूसरी ओर, जिन विधायकों पर अश्लील तस्वीर देखने का आरोप लगा है वो इससे इनकार कर रहे हैं.
आरोप के अनुसार दोनों विधायकों द्वारा अश्लील तस्वीर देखने की घटना उस समय हुई जब सदन में पहला सत्र खत्म होने में लगभग एक घंटे की देरी थी. ये दोनों विधायक अपने टैबलेट पर अश्लील फोटोग्राफ देख रहे थे और इनकी यह कारस्तानी प्रेस गैलरी में बैठे पत्रकार देख रहे थे. पत्रकारों ने इस बात की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से उनके कक्ष में जाकर की. इसके बाद स्पीकर ने दोनों विधायकों को ऐसा करने से रोकने के लिये संदेश भेजा.
बाद में सफाई दी गई कि दोनों विधायक एक जरुरी आंकड़ा देखने के लिये टैबलेट का उपयोग कर रहे थे और अश्लील फिल्म देखने का मामला बेहुनियाद है. उल्लेखनीय है कि कर्नाटक विधानसभा में सदन की कार्रवाई के दौरान राज्य के सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सवाडी और महिला व बाल कल्याण मंत्री सीसी पाटिल को पोर्न फिल्म देखते हुये पकड़ा गया था. दोनों मंत्री उस दौरान पोर्न फिल्म देख रहे थे, जब विधानसभा में बीजापुर जिले में पाकिस्तानी झंडा फहराने को लेकर हंगामेदार बहस चल रही थी. इस मामले में तीन मंत्रियों को इस्तीफा भी देना पड़ा था.





