राजसमन्द। गुजरात की राज्यपाल डॉ. कमला ने ईटीवी के हिन्दी एवं उर्दू न्यूज चैनलों के हेड जगदीश चन्द्र को महाश्रमण के सान्निध्य में आचार्य तुलसी सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. कमला ने कहा कि यह सम्मान समारोह रचनात्मक पत्रकारिता के लिए है। आज के दौर में पत्रकारिता पर आशंकाओं के बादल मंडराने लगे है, लेकिन कुछ समाचार पत्र व पत्रकार आज भी अपनी बात पर अडिग हैं। आचार्य तुलसी, महाप्रज्ञ के नैतिक मूल्यों आधारित सिद्धान्त को अपनाने की आज महत्ती आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि जगदीश चंद्र को दिया गया सम्मान रचनात्मक पत्रकारिता का सम्मान है। प्रलोभनों के बावजूद आज भी कुछ ऐसे पत्रकार हैं जो पत्रकारिता को मिशन के रूप में लेते हुए बेहतर समाज और बेहतर कल के निर्माण में जुटे हैं। जगदीश चंद्र ने जहां उच्च प्रशासनिक सेवा में अपनी अलग पहचान बनाई वहीं उन्होंने ई टीवी को जनता के प्रश्न से जोड़ कर निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता के जरिये दर्शकों की विश्वसनीयता को कायम रखा।

आचार्य महाश्रमण ने भी कहा कि पत्रकारिता से लोगों को नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए ताकि अच्छा समाज बन सके। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जगदीश चंद्र ने ईटीवी को किस तरह चमकाया, आगे बढ़ाया, इसकी चर्चा होती है। हम लोग तो दुखी हैं इससे। सरकारी कंट्रोल रूम हमें पकड़ने में देर कर सकता है, लेकिन ई टीवी जासूसों की तरह पीछा करता है और हमें कहीं भी ढूंढ निकालता है। आखिर हम छिपें तो छिपें कहां।
सीएनबीसी आवाज के संपादक संजय पुगलिया ने कहा कि जगदीश चंद्र ने सरकार में रहते हुए बीमार विभागों को नई ऊंचाइयां दीं। ई टीवी ने पत्रकारिता के स्थापित मापदण्डों को तोड़ कर नया मॉडल तैयार किया है, जिससे बड़े चैनलों की परेशानी बढ़ी है। ई टीवी आज प्रांसगिक पत्रकारिता कर रहा है और उसने क्षेत्रीय चैनलों की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। विधायक एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि पूजा व्यक्ति की नहीं, गुणों की होती है और जगदीश चंद्र के गुणों ने ही ई टीवी को आगे बढ़ाया है।
नवनीत के संपादक विश्वनाथ सचदेव ने कहा कि आचार्य तुलसी सम्मान पत्रकारिता के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने की कोशिशों के लिए दिया जाता है और इस क्षेत्र में जगदीश चंद्र के प्रयासों की हम सराहना करते हैं। वरिष्ठ पत्रकार नंद किशोर नौटियाल ने कहा कि मीडिया समाज को सही रास्ता दिखाने का भी काम कर रहा है और भटकाने का। ई टीवी ने सही रास्ता दिखाने के लिए उपक्रम किया है। इसके लिए जगदीश चन्द्र बधाई के पात्र हैं। समारोह संयोजक राजकुमार पुगलिया ने कहा कि आचार्य तुलसी सम्मान मानवीय गरिमा की प्रतिष्ठा के लिए दिया जाता है। ई टीवी ने इस दिशा में सार्थक हस्तक्षेप कर एक ईमानदार कोशिश की है, जिससे उसका रचनात्मक कद बढ़ा है।

समारोह में सम्मानित जगदीश चन्द्र ने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से आम आदमी की समस्या को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईटीवी इस दिशा में सदैव प्रयासरत रहता है। उन्होंने पुरस्कार स्वरूप मिले नगद एक लाख रुपए आचार्य तुलसी-महाप्रज्ञ विचार मंच को उनकी सद्गतिविधियों के उपयोग के लिए पुन: समर्पित कर दी। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष दीपेन्द्रसिंह शेखावत ने की। इस दौरान काफी संख्या में पत्रकार एवं नागरिक मौजूद रहे।





