हिंदुस्तान, कानपुर से खबर है कि नए सेल्स हेड के रूप में वेदांत राज गुप्ता ने कार्यभार संभाल लिया है. वेदांत देहरादून से स्थानांतरित होकर यहां आए हैं. ये स्थानीय जीएम नरेश पांडेय के खास बताए जा रहे हैं. अब तक कानपुर में सेल्स हेड रहे अनुराग सिंह ने गोरखपुर में ज्वाइन कर लिया है. बताया जा रहा है कि अनुराग के जाने का असर हिंदुस्तान के सर्कुलेशन पर भी पड़ा है.
सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों एचएमवीएल के सीईओ अमित चोपड़ा एवं प्रधान संपादक शशि शेखर के औरैया तथा इटावा दौरे के दौरान स्थानीय संपादक एवं जीएम ने सारे गड़बडि़यों का ठीकरा अनुराग सिंह के ऊपर फोड़ दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद ही अनुराग सिंह को गोरखपुर भेजे जाने का निर्णय लिया गया. खबर है कि अनुराग ने भी अपना कार्यभार गोरखपुर में संभाल लिया है.
हिंदुस्तान, कानपुर में स्थितियां संभाले नहीं संभल रही हैं. इटावा जिले से खबर है कि वरिष्ठ पत्रकार कुदरतउल्ला खां ने भी इस्तीफा दे दिया है. हिंदुस्तान के मालकिन शोभना भरतिया, सीईओ अमित चोपड़ा एवं प्रधान संपादक शशि शेखर को भेजे गए पत्र में कुदरतउल्ला ने आरोप लगाया है कि कानपुर में हिंदुस्तान को जानबूझकर गर्त में ढकेला जा रहा है. हिंदुस्तान की दुगर्ति देखना मुश्किल हो रहा है इसलिए अखबार छोड़ रहा हूं. उन्होंने आरोप लगाया है कि यहां अब लिखने-पढ़ने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है. चाटुकारों को भरकर माहौल को गंदा किया जा रहा है.
पेशे से शिक्षक कुदरतउल्ला खां की गिनती इटावा के सीनियर पत्रकारों में होती है. ये अमर उजाला के लिए भी औरैया एवं इटावा में लम्बे समय काम कर चुके हैं. ये अखबार से लांचिंग के समय से ही जुड़े हुए थे. ये पूर्व ब्यूरोचीफ सुभाष त्रिपाठी के साथ देशधर्म को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. गौरतलब है कि हिंदुस्तान के पुराने पत्रकारों को एक-एक कर बाहर का रास्ता दिखाया जा चुका है.






