वर्द्धमान : वर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जूनियर चिकित्सकों द्वारा बुधवार को मीडिया कर्मियों की बेरहमी से की गई पिटाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में मीडिया कर्मियों ने गुरुवार को जिला शासक कार्यालय के समक्ष धरना देकर आरोपी चिकित्सकों की गिरफ्तारी की मांग की। पत्रकारों ने डीएम को ज्ञापन भी सौंपा। इस मामले में अभी तक किसी आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पत्रकारों ने कहा है कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती तो वे शुक्रवार से अनशन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को वर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कुछ पत्रकार खबर संकलन करने गए थे। उस दौरान दर्जनों जूनियर चिकित्सकों ने मीडियाकर्मियों के ऊपर लाठी, डंडा से हमला कर दिया, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा मीडिया कर्मी जख्मी हुए। इनमें उदित सिन्हा, मुकुल, रहमान सहित कई मीडियाकर्मियों की हालत गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पत्रकारों ने थाने में इस मामले की शिकायत की थी, इसके बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। नाराज मीडियाकर्मियों ने डीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया तथा शुक्रवार यानी आज से अनशन करने की चेतावनी दी है। मीडियाकर्मियों ने कहा है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होंगे। धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्जनों की संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद रहे।






