आई नेक्स्ट, पटना के संपादकीय प्रभारी रहे रवि प्रकाश ने अपनी नई पारी दैनिक जागरण के साथ शुरू की है. रवि को कोलकाता में जागरण का प्रभारी बनाया गया है. सूत्रों का कहना है कि उन्हें कोलकाता के साथ खड़गपुर की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है. युवा, तेजतर्रार तथा बेबाक पत्रकार के रूप में पहचाने जाने वाले रवि एक दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. रवि की दैनिक जागरण के साथ ये दूसरी पारी है. इन्हें कई यूनिटों को लांच कराने का श्रेय भी प्राप्त है.
रवि ने अपने करियर की शुरुआत सन 2001 में दैनिक जागरण, बरेली से की थी. इसके बाद इनका तबादला मुरादाबाद के लिए कर दिया गया था. सन 2004 में यहां से इस्तीफा देने के बाद ये पटना में प्रभात खबर से जुड़ गए तथा अखबार की रिलांचिंग कराई. बाद में इन्हें प्रभात खबर, देवघर का स्थानीय संपादक बना दिया गया. 2007 में इनका तबादला रांची के लिए कर दिया गया. 2008 में इन्होंने रांची में ही आई नेक्स्ट ज्वाइन कर लिया तथा प्रभारी के रूप में अखबार की लांचिंग कराई. इसके बाद इनका तबादला आई नेक्स्ट, आगरा के लिए कर दिया गया.
रवि यहां से इस्तीफा देकर दैनिक भास्कर के साथ भोपाल में जुड़ गए. इन्हें प्रबंधन ने ग्वालियर में डीबी स्टार लांच कराने की जिम्मेदारी सौंपी, जिसे इन्होंने सफलतापूर्वक अंजाम दिया. फिर इनका तबादला दैनिक भास्कर, रांची के लिए कर दिया गया. ये लांचिंग टीम में शामिल थे, परन्तु अचानक लांचिंग से पहले इन्हें पटना भेज दिया गया. 2010 में इन्होंने पटना में ही आई नेक्स्ट ज्वाइन कर लिया. कुछ महीने पहले इन्होंने आई नेक्स्ट से भी इस्तीफा दे दिया था.






