चंडीगढ़। सिम्मी मरवाहा मेमोरियल चैरीटेबल ट्रस्ट द्वारा 9वां युवा पत्रकार सम्मान दिवस मंगलवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित किया गया। जिस दौरान डीडी न्यूज दिल्ली की पत्रकार हिमानी सेठी, इकोनामिक टाइम्स दिल्ली से अमित त्यागी, दैनिक भास्कर, चंडीगढ़ के छायाकार अजय जालंधरी, न्यूज प्वाइंट न्यूज चैनल फैज़बाद यूपी से संदीप श्रीवास्तव और पीयू चंडीगढ़ से मॉस कॉम पत्राचार में इस वर्ष की टॉपर रमनदीप कौर (फिरोज़पुर, पंजाब) को यह सम्मान शुद्ध चांदी का स्मृति चिन्ह प्रदान कर दिया गया।
सम्मान प्रदान करने की रस्म सांसद अविनाश राय खन्ना, आज समाज, इंडिया न्यूज चंडीगढ़ के उत्तरी क्षेत्र के कार्यकारी संपादक अजय शुक्ला और ट्रस्ट की प्रबंध न्यासी कवियत्री राजिंदर रोज़ी ने अदा की। आयोजन के दौरान ट्रस्ट द्वारा सिम्मी के ऊपर बनाई गई फिल्म सिम्मी द मेमोरेबल मूमेंटस को रीलीज़ किया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता के मानक विषय पर सेमीनार भी किया गया। जिसमें सांसद खत्रा ने कहा कि पत्रकार जो एक शब्द भी अखबार में लिखते हैं उसका आम जनता रूपी पाठक के लिए अहम महत्व होता है। इसलिए पत्रकार अपने लिखने और ऐसा लिखने का मानक तय करें जिससे कि समाज को सही दिशा और संदेश दोनों मिले।
अजय शुक्ला ने कहा कि बीते 30 दशकों की पत्रकारिता को देखा जाए तो इस क्षेत्र में मुकाबलेबाज़ी बढऩे से पत्रकार और अखबार दोनो के लिए यह जरूरी हो गया है कि वह भी इस दौड़ में बने रहने के लिए हमेशा अन्य अखबारों के मुकाबले दिलचस्प लिखे। इस कारण से पत्रकारिता के मानक कहीं ना कहीं अपने मकसद से पीछे हट रहे हैं। मगर लोकतंत्र का चौथ स्तंभ होने के नाते यह उनकी जिम्मेवारी बनती है कि वह सत्य को सामने लाना ना भूले। उघोग एंव वाणिज्य विभाग, पंजाब के जीएम भिंदर सिंह, प्रेस क्लब मोहाली के अध्यक्ष सुखदेव सिंह पटवारी और साहित्यकार सुशील बंसल ने अपने विचार पेश किए।
कवियत्री राजिंदर रोज़ी द्वारा सिम्मी के जीवन के बारे में आए लोगों को बताया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ दूरदर्शन के पूर्व प्रोड्यूसर प्रेम बरनालवी, तर्कशील सोसायटी चंडीगढ़ के जोन प्रमुख जरनैल सिंह क्रांति, भाजपा हरियाणा के मानवधिकार सेल के स्टेट कन्वीनर इंजिनियर आरपी मल्होत्रा, मोहाली से भाजपा नेता करनैल सिंह, गायक बिट्टू बाजवा भी मौजूद रहे।





