इंदौर में अख़बारों के बीच जंग शुरू होने जा रही है. जागरण के नई दुनिया पर कब्ज़ा ज़माने के बाद अब अन्य अखबार भी अपने आप को मुकाबले के लिए तैयार कर रहे हैं. इस कड़ी में इंदौर का दैनिक दबंग दुनिया भी चुपके चुपके अपनी विस्तार की योजना बना रहा है. इसका खुलासा करने से बचा जा रहा है. दबंग दुनिया के प्रमुख किशोर वाधवानी ने हाल ही में नई दिल्ली में दबंग का राष्ट्रीय ब्यूरो खोला है और एक साथ उज्जैन, रतलाम और मुंबई से एडिशन लांच करने की तैयारी कर दी है.
दबंग दुनिया ने मुंबई के पाश इलाके नरीमन पॉइंट में ऑफिस ख़रीदा है. बताते हैं कि इसी बिल्डिंग में मुकेश अम्बानी का भी ऑफिस है. मुंबई एडिशन मई माह में लांच होगा. करीब एक लाख कापियों से इसे शुरू किया जायेगा. सूत्रों का कहना है कि हाल ही में बंद हुए मुंबई के हिंदी टैबलायड दैनिक के संपादक को दबंग ने एडिटोरियल का जिम्मा दिया है तथा उनसे टॉप की टीम गठित करने कहा है. इंदौर और मुंबई के बीच बिजनेस के रिश्ते हैं. दबंग दुनिया कार्पोरेट नीति बना कर मैदान में उतर रही है. अखबार के अलावा दबंग दुनिया मुंबई में कई क्षेत्रों में किस्मत आजमायेगा.
हालांकि इस संदर्भ में पूछे जाने पर दबंग दुनिया के सीईओ अवनीश जोशी ने कहा कि हम विस्तार करेंगे पर निकट भविष्य में अभी कोई ऐसी योजना नहीं है. हम फिलहाल अपने इंदौर एडिशन को मजबूत करने के लिए प्रयासरत हैं. उल्लेखनीय है कि दबंग दुनिया प्रबंधन ने इंदौर में अपना कार्यालय भी बदल लिया है. शालीमार क्षेत्र के ऑफिस को खाली करके जंगीवाला चौराहे के पास नया ऑफिस बनाया गया है.





