आनंद बाजार पत्रिका समूह और स्टार समूह के अलग होने की आधिकारिक घोषणा के बाद दोनों के संयुक्त वेंचर एमसीसीएस के तीनों चैनलों से जुड़े पत्रकार तथा गैर पत्रकार सहमे हुए हैं. सूत्रों का कहना है कि तीनों चैनलों कई बातों को लेकर लोगों के चेहरों पर हवाइयां उड़ रही हैं. पहली बात तो स्टार न्यूज, स्टार आनंद तथा स्टार माझा के कर्मचारी स्टार समूह के हाथ खींच लेने के बाद संभावित छंटनी जैसी स्थिति से डरे हुए हैं.
हालांकि अलग होने की घोषणा के दौरान एबीपी ग्रुप के अविक सरकार ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है कि किसी भी कर्मचारी को निकाला नहीं जाएगा और ना ही किसी प्रकार की छंटनी होगी. दोनों समूहों के अलग होने की घोषणा अविक सरकार और एमसीसीएस इंडिया के सीईओ अशोक वेंकटरमानी ने संयुक्त रूप से की. इसके साथ काफी समय से चली आ रही चर्चाओं और खबरों को विराम लग गया है.
दोनों समूहों के अलग होने की घोषणा के बाद कर्मचारियों को एक डर ब्रांड नेम को लेकर भी है. स्टार न्यूज भारत के अग्रणी खबरिया चैनलों में शुमार था. स्टार भारत में ब्रांड बन चुका था. अब ब्रांड नेम के अलग हो जाने के बाद एबीपी को ब्रांड नेम बनने में समय लगेगा. हालांकि माना जा रहा है कि प्रबंधन टीम में कोई बदलाव नहीं करेगा. सूत्रों का कहना है कि जल्द ही स्टार न्यूज की जगह एबीपी न्यूज का नया लोगो दिखाई देने लगेगा.





