समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा में कामकाज पूरी तरह ठप है. मजीठिया वेज बोर्ड की मांग को लेकर पीटीआई-भाषा के कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हड़ताल पर डंटे हुए हैं. एजेंसी कार्यालय के मुख्य गेट पर कर्मचारी धरना दे रहे हैं. हड़ताल पर जाने से पहले कर्मचारियों ने कार्यालय के कम्प्यूटर तथा टेलीफोन लाइन भी बंद कर दिए हैं. इनकी मांग है कि जल्द से जल्द मजीठिया वेज बोर्ड की सिफारिशों को लागू किया जाए. इस हड़ताल में पीटीआई-भाषा के देशभर के पत्रकार तथा गैर पत्रकार कर्मी हड़ताल में सम्मिलित हैं.
आज तड़के दो बजे से प्रारम्भ हुआ हड़ताल शनिवार आठ बजे सुबह तक जारी रहेगा. कर्मचारियों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. तमाम दूसरे पत्रकार यूनियन के लोग भी धरना स्थल पर पहुंचकर पीटीआई कर्मियों का हौसला आफजाई कर रहे हैं. संभावना जताई जा रही है कि एजेंसी में हड़ताल का असर उन समाचार पत्रों पर भी पड़ेगा, जो एजेंसी की खबरों पर निर्भर रहते हैं. धरना स्थल पर एमएस यादव, संजय कुमार सिन्हा, राजवीर सिंह, नंद किशोर त्रिखा, संतोष गंगवार, मदन तलावार, अरविंद सिंह, एसएन सिन्हा समेत पीटीआई और दूसरे यूनियनों से जुड़े हुए लोग शामिल हुए.





