नियो स्पोर्ट्स को अपने एक्सक्लूसिव क्रिकेट चैनल को छोड़कर सभी खेलों का चैनल बनाने को बाध्य होना पड़ा है. अब वह नियो क्रिकेट चैनल की जगह नियो प्राइम के नाम से जाना जाएगा. इसके पीछे सबसे अहम वजह भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के टीम इंडिया के घरेलू मैचों का प्रसारण करार अधिकार रद्द होना बताया जा रहा है. प्रसारणकर्ता ने नियो क्रिकेट चैनल का नाम बदलकर नियो प्राइम कर दिया है. जिससे कि अन्य खेलों का प्रसारण भी इस चैनल पर किया जा सके.
नियो स्पोर्ट्स के मुख्य संचालन अधिकारी प्रसारण (टीवी आपरेशन) प्रसन्ना कृष्णन ने कहा, ‘सच्चाई यह है कि अब हमारे पास बीसीसीआई के अधिकार नहीं हैं. जब तक हमारे पास बीसीसीआई के अधिकार थे. तब हम कुछ हद तक घरेलू मैचों का भी प्रसारण करते थे. इसलिए तब क्रिकेट का एक्सक्सूसिव चैनल खोलना अच्छा फैसला था.’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन अब हमने महसूस किया है कि 24 घंटे का क्रिकेट चैनल शायद उपयोगी नहीं हो. इसलिए यह अधिक समझदारी भरा है कि हम इसे इस तरह से पेश करें.’ बीसीसीआई ने भुगतान नहीं करने पर पिछले साल दिसंबर में नियो स्पोर्ट्स के प्रमोटर निम्बस कम्यूनिकेशन का अपने साथ हुआ प्रसारण अधिकार रद्द कर दिया था. इसके साथ ही दो हजार करोड़ रुपए की बैंक गारंटी भी जब्त कर ली थी. साभार : समय





