सोनीपत जिले के राई गांव में रविवार को देर रात हमलावरों ने प्लाट में सो रहे स्थानीय पत्रकार के पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। जान बचाकर भाग रहे नौकर को भी घटना स्थल से दो सौ मीटर दूर धारदार हथियार से गोद दिया। उसे रोहतक पीजीआइ में भर्ती कराया गया है और वह खबर लिखे जाने तक बयान देने की स्थिति में नहीं था। सूचना के बाद डीएसपी मुख्यालय रणधीर सैनी, राई के एसएचओ सुलतान सिंह व साइबर क्राइम सेल प्रभारी विवेक कुंडू भी मौके पर पहुंचे और तफ्तीश की। पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को बुलवाकर फिंगर प्रिंट लिए हैं।
आज समाज में पत्रकार ललित कौशिक के पिता तथा राई गांव निवासी ईश्वर सिंह कौशिक (60 वर्ष) पुत्र चंद्रभान गांव के राजकीय स्कूल के पास कबाड़ी का कार्य करते थे। वह रविवार देर शाम खाना खाने के बाद अपने घर से स्कूल के पास स्थित प्लाट में चले गये थे। प्लाट में ही वह कबाड़ी का काम करते थे। प्लाट में उसके साथ उसका नौकर उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का निवासी इरफान भी रहा रहा था। दोनों लोग रात को वहां पर सो गए। सोमवार को तड़के जब ग्रामीण स्कूल के पीछे एचएसआईआईडीसी में घूमने के लिए गए, तो वहां उन्हें इरफान का खून से सना शव दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने सूचना ईश्वर के परिजनों को दी। जब परिजन प्लाट में पहुंचे, तो वहां के हालात देखकर सन्न रह गए। वहां ईश्वर का शव चारपाई पर पड़ा था। चेहरे और सीने पर धारदार हथियार से एक दर्जन वार किए गए थे। परिजनों ने सूचना राई पुलिस को दी और इरफान को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। राई के एसएचओ सुलतान सिंह व एसआइ जिले सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत के बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ईश्वर के पुत्र विरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ईश्वर का एक पुत्र ललित कौशिक पत्रकार है। (इनपुट : जागरण)






