दैनिक जागरण, बरेली में कर्मचारी छंटनी का मामला अब लेबर कोर्ट पहुंच गया है. छंटनी के शिकार बनाए गए कर्मचारियों ने अपनी शिकायत डिप्टी लेबर कमिश्नर से की थी, जिसकी शुक्रवार यानी आठ जून को सुनवाई थी. डीएलसी ने दैनिक जागरण प्रबंधन को अपना पक्ष रखने के लिए कहा, जिस पर मैनेजमेंट ने इसे कानपुर से जुड़ा मामला बताकर 14 जून तक का समय मांगा है.
प्रबंधन ने कहा कि सारे निर्णय हेड ऑफिस स्तर से हुए हैं लिहाजा उन्हें इस मामले में कोई थी स्पष्टीकरण देने से पहले कानपुर प्रबंधन से जानकारी मांगनी पड़ेगी. डीएलसी ने प्रबंधन को 14 तक अपना पक्ष रखने की हिदायत दी है. दूसरी तरफ निकाले गए कर्मचारी रमेश चंद्र राय के नेतृत्व में प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहे हैं. इन लोगों ने 14 जून से धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है.
वहीं बरेली का हालचाल जानने निदेशक संदीप गुप्ता भी यूनिट पहुंचे. उन्होंने वरिष्ठों की मीटिंग ली. पूरे बैठक के दौरान संदीप गुप्ता बौखलाए नजर आए. कई लोगों को डांटा-फटकारा भी. समझा जा रहा है कि जिस तरह बरेली यूनिट के कर्मचारी अब हर स्तर पर संघर्ष करने की तैयारी कर रहे हैं, उससे डाइरेक्टरों की बौखलाहट और बढ़ने की संभावना है.