इंडिया टीवी समूह द्वारा खरीदे गए एमजे अकबर के अंग्रेजी अखबार द संडे गार्जियन के चंडीगढ़ एडिशन की लांचिंग रविवार को धूमधाम से हुई. चंडीगढ़ के होटल ताज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राजनीति एवं मीडिया से जुड़ी तमाम बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. सभी मेहमानों ने अखबार की लांचिंग की शुभकामना देते हुए उम्मीद जताया कि द संडे गार्जियन चंडीगढ़ में कार्तिकेय शर्मा एवं एमजे अकबर के नेतृत्व में नया मुकाम हासिल करेगा.
अखबार की लांचिंग पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल, हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाडि़या, समूह के एमडी कार्तिकेय शर्मा तथा अखबार के एडिटर इन चीफ एमजे अकबर ने किया. इस दौरान एमजे अकबर ने कहा कि अखबार चंडीगढ़ रीजन में लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगा. सभी अतिथियों का स्वागत आज समाज के ग्रुप एडिटर अजय शुक्ला ने किया. अजय शुक्ला द संडे गार्जियन के चंडीगढ़ एडिशन के संपादकीय दायित्व का भी निर्वहन करेंगे.