मुंबई : अपने विवादित कार्टूनों से सुर्ख़ियों में आए आईएसी कार्यकर्ता असीम त्रिवेदी को रिऐलिटी शो बिग बॉस के घर से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (ए) के दबाव में कलर्स चैनल ने किया। आरपीआई अध्यक्ष रामदास आठवले ने असीम को निकाले जाने की मांग की थी। आठवले के मुताबिक असीम को कार्यक्रम से निकालने के फैसले के साथ ही पार्टी ने अपना पूर्व घोषित आंदोलन रद्द कर दिया है।
आरपीआई ने शनिवार को प्रस्तावित 'लोणावला बंद' को रद्द कर दिया और 29 अक्टूबर को 'बिग बॉस' के सेट में घुसकर त्रिवेदी को बाहर निकालने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। आठवले और चैनल अधिकारियों की बैठक हुई। बिग बॉस के प्रबंधक अभिषेक रेगे ने असीम को कार्यक्रम से बाहर निकालने का लिखित आश्वासन पार्टी को दिया। कलर्स चैनल के अधिकारी रोमिल रामघारिया का हस्ताक्षरवाला पत्र आठवले को सौंपा गया है। आठवले ने पत्रकारों को बताया कि चैनल ने उनकी मांगें मान ली हैं।
असीम को जल्द ही शो से विदाई दे दी जाएगी। आठवले के मुताबिक असीम ने अपने व्यंग्य चित्रों के माध्यम से भारतीय संविधान, संसद और अशोक स्तंभ का मजाक उड़ाया है। दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले असीम को कार्यक्रम में बने रहने का अधिकार नहीं हैं। असीम को बिग बॉस में शामिल किए जाने से देश में गलत संदेश जा रहा है। इसके पहले आठवले के नेतृत्व में मोर्चा निकाला गया था।
बिग बॉस के घर के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की थी। आठवले ने धमकी दी थी कि अगर 29 अक्टूबर तक असीम को नहीं निकाला गया तो वे बिग बॉस के घर में घुसकर असीम को बाहर निकाल देंगे। इस मामले में विवाद से बचने के लिए चैनल प्रबंधन ने आठवले को असीम के शो से जल्द विदाई का आश्वासन दिया।