टीवी न्यूज इंडस्ट्री से एक और बुरी खबर आ रही है कि लगभग एक साल पहले लांच हुआ सांई प्रकाश मीडिया समूह का चैनल खबर भारती बंद होने की कतार में खड़ा हो गया है. चैनल में कार्यरत लगभग तीन सौ कर्मचारियों को उनकी दो महीने की सैलरी अब तक नहीं मिली है. सैलरी की मांग को लेकर गुरुवार को कर्मचारियों ने चैनल में हड़ताल कर दिया है. इसके चलते चैनल पर समाचारों का प्रसारण ठप है. चैनल के स्क्रीन पर केवल आईडी ही दिख रही है.
दो महीने की बकाया सैलरी की मांग को लेकर डेढ़ सौ के आसपास कर्मचारियों ने चैनल का गेट बंद कर दिया तथा किसी भी वरिष्ठ को अंदर नहीं आने दिया. कर्मचारी सैलरी दिए जाने की मांग पर अड़े रहे. बाद में समूह के सीओओ रविराज भी मौके पर पहुंचे परन्तु चैनलकर्मियों ने उन्हें भी अंदर नहीं घुसने दिया. रविराज द्वारा बैठ कर बात किए जाने के प्रस्ताव पर कर्मचारियों ने चैनल का गेट खोला. कर्मचारियों ने उनसे कहा कि आप सैलरी देने की तारीख या फिर हमे सैलरी का चेक दे दीजिए. परन्तु रविराज इस पर तैयार नहीं हुए और आश्वासन दिया कि जल्द ही सबको सैलरी मिल जाएगी.
कर्मचारी इससे संतुष्ट नहीं हुए. इसके बाद उन्होंने लखनऊ में मौजूद कंपनी के चेयरमैन पुष्पेंद्र सिंह बघेल को फोन किया, जिस पर उन्होंने जल्द ही दो महीने की सैलरी देकर चैनल पर ताला लगा देने की बात कही. कर्मचारी इससे और उत्तेजित हो गए कि अचानक चैनल बंद करना उचित नहीं है. किसी डाक्टर ने कहा था चैनल खोलने के लिए, आखिर अचानक इतने कर्मचारी कहां जाएंगे. कर्मचारी अब अपनी लम्बी लड़ाई की योजना बना रहे हैं. इस बीच कर्मचारियों ने नए सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी को भी इस बात की जानकारी दी.
इस पर मनीष तिवारी ने कहा कि आप चिंता नहीं करें अगर आपकी सैलरी नहीं मिलती है तो चैनल के सामन को बेचकर आपलोगों की सैलरी दिलवाई जाएगी. इसके बाद से कर्मचारी और उत्साहित हैं तथा आरपार की लड़ाई लड़ने की ठान चुके हैं. लगभग एक सप्ताह पूर्व चैनल का ट्रांसमिशन भी बंद हो गया था, जिसे किसी प्रकार दुबारा शुरू कराया गया. उल्लेखनीय है कि इस चैनल की लांचिंग पिछले साल 17 नवम्बर को हुई थी. एक साल भी ठीक से चैनल नहीं चल पाया. जुलाई महीने से ही सैलरी की अनियमितता शुरू हो गई. और अब संभावना है कि जल्द ही चैनल बंद भी हो जाएगा.