खबर भारती चैनल के सेक्टर 63 स्थित कार्यालय में रात को जमकर हंगामा हुआ. सैलरी को लेकर हंगामा कर रहे कर्मचारियों से मिलने के लिए सीएमडी पुष्पेंद्र सिंह बघेल पहुंचे तो उनके साथ तीन-चार गाडि़यों में गुंडानुमा लोग थे. उन लोगों ने कर्मचारियों को अपने अर्दब में लेने की कोशिश की परन्तु कर्मचारी अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए. मामला गंभीर होते देख कर्मचारियों ने पुलिस को बुला लिया. रात ढाई बजे तक ड्रामा चलता रहा. बाद में दो महीने का एडवांस चेक देकर समस्या का
तात्कालिक समाधान निकाला गया.
दो महीने की सैलरी की मांग को लेकर खबर भारती के कर्मचारी गुरुवार की सुबह से ही आंदोलनरत थे. उनकी मांग थी कि उनकी दो महीने की सैलरी का भुगतान किया जाए. उन लोगों ने चैनल का प्रसारण भी रोक रखा था. एक भी न्यूज बुलेटिन का प्रसारण नहीं हुआ. कई वरिष्ठों से मिलने से भी इनकार कर दिया. कंपनी के सीओओ रविराज भी मामले को सुलझाने की कोशिश में लगे रहे परन्तु सफलता नहीं मिली. अचानक रात को लगभग 11 बजे सीएमडी बघेल अपने गुंडा जैसे साथियों के साथ कार्यालय पहुंचे.
सीएमडी के साथ आए लोगों ने कर्मचारियों को अपशब्द बोलते हुए उन पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की. कर्मचारी भी अपने हिसाब से जवाब देते रहे तथा मांग करते रहे कि उन लोगों की दो माह की बकाया सैलरी दी जाए. कर्मचारियों ने सीएमडी के साथ आए लोगों को उग्र होते देख पुलिस को फोन कर दिया. कुछ देर बार थाना सेक्टर 58 समेत काफी संख्या में पुलिस वाले पहुंच गए. पुलिस के सामने ही सीएमडी और कर्मचारियों के बीच समझौता हुआ. यह भी गारंटी दी गई कि फिलहाल चैनल बंद नहीं किया जाएगा.
समझौते के तहत सभी कर्मचारियों को 6 नवम्बर की डेट में दो महीने की सैलरी का चेक दे दिया गया. सीएमडी का कहना था कि अभी पैसे नहीं हैं लिहाजा जब कहा जाए तब कर्मचारी बैंक में चेक डालेंगे. इसके बाद उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि किसी कर्मचारी को निकाला नहीं जाएगा. तीन महीने तक उन लोगों की नौकरी पर कोई प्रभाव नहीं आएगा. तीन महीने तक चैनल का संचालन होगा. इस दौरान कोई स्वेच्छा से छोड़कर जाना चाहता है तो जा सकता है. मामले का तात्कालिक हल निकलने के बाद कर्मचारियों ने चैनल को फिर से चालू कर दिया. अब देखना है कि छह नवम्बर के बाद क्या स्थिति होती है.