आईटीवी समूह (इंडिया न्यूज का संचालन करने वाली कंपनी) से खबर है कि आरके अरोड़ा ने ज्वाइन किया है. उन्हें समूह का सीईओ बनाया गया है. अरोड़ा मीडिया फील्ड में लम्बे समय से सक्रिय हैं. उन्होंने ही रजत शर्मा के साथ मिलकर इंडिया टीवी की लांचिंग कराई थी. इनके विजन के चलते इंडिया टीवी ने तेजी से अपने पांव जमाएं.
इसके बाद ये इस्तीफा देकर न्यूज24 चले गए थे, जहां मुश्किल में पड़े चैनल को उबारा तथा ब्रेक इवन पर ले आए. आरके अरोड़ा को इंटायर आईटीवी ग्रुप का सीईओ बनाया गया है. ये इंडिया न्यूज के सभी चैनलों के अलावा अंग्रेजी न्यूज चैनल न्यूज एक्स की भी जिम्मेदारी देखेंगे. इसके साथ ही ग्रुप सीईओ राकेश शर्मा के पर भी कतर दिए गए हैं.
अब तक राकेश शर्मा टीवी एवं अखबार दोनों के सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब उन्हें केवल आज समाज अखबार तक सीमित कर दिया गया है. वे अब केवल अखबार के ही सीईओ की जिम्मेदारी देखेंगे. माना जा रहा है कि राकेश शर्मा को रेवेन्यू जनरेट करने में विफल रहने पर हटाया गया है.





