मुगलसराय नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती व बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार, गलत बिलिंग व कटौती का समय निर्धारित न करने के विरोध में दो पत्रकार अनशन पर बैठे हुए हैं। कई राजनीतिक संगठनों के माध्यम इन परेशानियों से अवगत कराए जाने के बाद भी विद्युत विभाग को कानों पर जूं नहीं रेंगी, जिससे क्षुब्ध होकर पत्रकार व समाजसेवी राजीव कुमार एवं पत्रकार कमलजीत सिंह विद्युत विभाग के खिलाफ अनशन पर बैठ गये।
दोनों पत्रकार कुछ अन्य समर्थकों के साथ चार दिन से अनशन पर बैठे हुए हैं। रविवार को चौथे दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। शनिवार को समर्थन के क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के उपाध्यक्ष शमीम मिल्की ने अपने समर्थकों सहित अनशन स्थल पर पहुंचकर आन्दोलन के लिए समर्थन पत्र दिया व अनशन स्थल पर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। मिल्की ने कहा कि जनहित में आन्दोलन को कांग्रेस का समर्थन जारी रहेगा। वहीं स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं को निर्देशित किया कि वे अनशन स्थल पर पहुंच कर अनशन को समर्थन दें।
दूसरी ओर प्रमुख समाजसेवी जवाहर सिंह चौहान ने अनशन को समर्थन देते हुए कहा कि अगर विद्युत विभाग अपना अड़ियल रवैया नहीं छोड़ा तो पूरे जनपद में आन्दोलन का विस्तार किया जायेगा। चौथे दिन रविवार को अनशन स्थल पर कई वर्षों से जिला मुख्यालय निर्माण को लेकर बाहों में काली पटटी बॉधकर कचहरी में कार्य करने वाले अधिवक्ता संतोष पाठक, राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष समरनाथ यादव एवं एसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष तिवारी व एनएसयूआई के वर्तमान जिलाध्यक्ष प्रभुनारायण तिवारी भी पहुंचे तथा समर्थन दिया।
गौरतलब हो कि पूर्व में किये गये सांकेतिक भूख हड़ताल के बाद शनिवार तक किसी भी प्रकार का सुधार व रोस्टर मे परिवर्तन नहीं किया गया, जिसकी सूचना अनशनकारी राजीव कुमार, कमलजीत सिंह, भागवत नारायण चौरसिया ने पूर्व में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय को को लिखित तौर पर देकर 31 अक्टूबर तक मॉगे पूरी किये जाने की गुहार लगायी थी। बावजूद इसके विद्युत विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। अनशनकारी राजीव कुमार ने कहा कि अगर सोमवार सुबह 10 बजे तक मॉगे नहीं मानी गयी तो क्रमिक अनशन आमरण अनशन में तब्दील हो जायेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
इस दौरान गुलाम मइनुद्दीन, कमलजीत सिंह, पिंटू चौहान, संजय गुप्ता, अनिल सोनकर, विजय जायसवाल, ब्रजेश गुप्ता, दिलीप सिंह, धनंन्जय सिंह, बैद्यनाथ प्रसाद, महेन्द्र प्रजापति, एसबी चौधरी, केके गुप्ता, श्वेता सिद्धिदात्री, दानीस मुअज्जीय, नेहाल अख्तर बाबू सभासए द, सुनील विश्वकर्मा, मनोज गुप्ता, रवि सोनकर सभासद, मनोहर गुप्ता, आनंद शर्मा, राजकुमार गुप्ता, बेचन सिंह पटेल आदि लोग मौजूद रहे।