काहिरा : मिस्र में रिपोर्टिंग के लिए गई एक अमेरिकी मूल की पत्रकार ने अपने साथ यौन शोषण की बात उजागर की है। मोना एल्टाहावी नाम की इस महिला पत्रकार का दावा है कि काहिरा में मिश्र सुरक्षा बल ने बुधवार रात को उन्हें जबरदस्ती कैद में रखा और उनका यौन शोषण किया। मोना पिछले दिनों से भड़के विद्रोह की रिपोर्टिंग के लिए काहिरा आई हुई हैं। मोना ने बताया कि उन्हें 12 घंटे तक आंतरिक मंत्रालय और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने हिरासत में रखा। इस दौरान उनके साथ पांच से छह आदमियों ने उनका यौन शोषण किया।
"लगभग 5-6 आदमी मुझे घेरे हुए थे और मेरे जननांगों को छूने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मेरी आंखों पर पट्टी बांध रखी थी। वो पिछले 12 घंटे बहुत भयावह और दर्द भरे थे," मोना ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर कहा। मोना ने अपनी ट्वीट में बताया, "12 घंटे तक प्रताड़ना देने के बाद उन्होंने मुझे सॉरी कहा और रिहा कर दिया। उन्होंने मुझे हिरासत में क्यों रखा था इसका कारण उन्होंने नहीं बताया। अस्पताल में जांच करवाने के बाद मुझे पता चला की मेरे दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं।" एल्टाहावी न्यूयॉर्क की एक फ्रीलांस जर्नलिस्ट हैं । उन्होंने द गार्जियन, द वाशिंगटन पोस्ट और द इंटरनेशनल हेराल्ड ट्रिब्यून जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिए लेख लिखे हैं। साभार : भास्कर





