आई नेक्स्ट, रांची को बड़ा झटका लगा है. आई नेक्स्ट के संपादकीय प्रभारी शंभू नाथ चौधरी इस अखबार से अलग हो रहे हैं. उन्होंने प्रबंधन को इस्तीफे की नोटिस दे दी है. वे पिछले तीन सालों से आई नेक्स्ट से जुड़े हुए थे. संभावना जताई जा रही है कि वे जल्द ही रांची से वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के नेतृत्व में शुरू होने जा रहे अखबार खबर मंत्र के साथ किसी वरिष्ठ पद पर जुड़ेंगे.
शंभूनाथ ने अपने करियर की शुरुआत सन 88 में रांची एक्सप्रेस के साथ की थी. दो साल यहां काम करने के बाद वे हिंदुस्तान से जुड़ गए. वे यहां पर रीजनल हेड तथा सिटी इंचार्ज रहे. यहां से इस्तीफा देने के बाद 2005 में अमर उजाला, चंडीगढ़ चले गए थे. यहां से दुबारा 2007 में हिंदुस्तान, रांची लौटे. तीन साल यहां काम करने के बाद 2010 में आई नेक्स्ट, रांची से जुड़ गए थे. शंभू नाथ की गिनती तेजतर्रार पत्रकारों में की जाती है. बताया जा रहा है कि आई नेक्स्ट की संपादक शर्मिष्ठा शर्मा रांची पहुंचकर शंभू नाथ को रोकने की कोशिश भी की, परन्तु उन्हें सफलता नहीं मिली. माना जा रहा है कि शंभू नाथ अब बनियों की नौकरी करने की बजाय एक खाटी पत्रकार के नेतृत्व में लांच होने जा रहे अखबार में काम करना ज्यादा बेहतर समझ रहे हैं.