: अगली सुनवाई 19 नवम्बर को : नई दिल्ली : सत्ता के गलियारों में रसूखरखने व आलीशान महल में शानो शौकत से जीवन व्यतीत करने के आदी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा की दिवाली इस बार काली रहेगी। हालांकि एयर होस्टेस गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी कांडा का जेल में भी रुतबा कम नहीं है और उसे वीआइपी ट्रीटमेंट भी मिल रहा है। जिस सेल में वह बंद है, उसके आसपास दूसरे कैदी फटक भी नहीं पाते। वह ज्यादातर समय टीवी देखकर व अखबार पढ़कर समय काट रहा है।
तिहाड़ जेल के अधिकारी ऑफ द रिकॉर्ड बताते हैं कि कांडा इन दिनों ज्यादा परेशान दिख रहा है। उसे उम्मीद थी कि यदि उसे जमानत मिल जाती तो दिवाली परिवार के साथ मना पाता। लेकिन हाईकोर्ट ने जमानत पर सुनवाई की तारीख बढ़ाकर 19 नवंबर कर दी। इस वजह से गोपाल कांडा की दिवाली तिहाड़ जेल के उसी सेल में मनेगी, जिसमें पिछले साल पूर्व केंद्रीय मंत्री व 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले के आरोपी ए. राजा ने दिवाली मनाई थी।
कांडा जेल नंबर-1 के वार्ड नौ के 10 गुणा 15 फुट के आकार वाले सेपरेट (एकांत) सेल में बंद है। बताया जा रहा है कि उसे जेल में बंद कैदियों से बहुत डर लगता है। इसलिए सुरक्षा के लिहाज से उसे आम कैदियों से दूर रखा जाता है। वह किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं करता। ऑफ द रिकॉर्ड अधिकारी बताते हैं कि कांडा सुबह छह बजे गिनती के लिए कैदियों की लाइन में नहीं लगता। सुबह मॉर्निग वॉक करता है। इसके बाद कैंटीन से मंगाया चाय-नाश्ता करने के बाद अपने सेल में ही टीवी देखता है। इसके अलावा वह अखबारों में अपने बारे में छपी खबरों को पढ़ने के लिए उत्सुक दिखता है।
जेल नियम के मुताबिक सप्ताह में दो दिन परिवार के लोगों को जेल में आकर मुलाकात करने की अनुमति है। पर सूत्रों के मुताबिक रविवार व शनिवार को छोड़कर हर रोज परिवार का कोई न कोई सदस्य मिलने आता है। लेकिन जेल प्रशासन इस बात से इन्कार कर रहा है। उसे जेल का पानी पसंद नहीं है। वह कैंटीन से बोतलबंद मिनरल वाटर खरीदकर पीता है।
गोपाल गोयल कांडा की एमडीएलआर कंपनी में नौकरी करने वाली एयर होस्टेस गीतिका शर्मा ने इस साल 5 अगस्त को खुदकुशी कर ली थी। मामले में मुख्य आरोपी कांडा 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। 28 अगस्त को उसे रोहिणी जेल भेजा गया था। वहां से सितंबर में उसे तिहाड़ जेल स्थानांतरित कर दिया गया। हाल ही में उसके गृह नगर हिसार में 14 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम 'विश्वकर्मा दिवस समारोह' में मुख्य अतिथि बनाया है। बकायदा शहर में उसका पोस्टर भी लगाया गया। (जागरण)