हमार टीवी के क्रिएटिव हेड मनोज भावुक ने इस्तीफा दे दिया है. वे यहाँ प्रोग्रामिंग कंटेंट और स्पेशल प्रोजेक्ट्स एंकरिंग का जिम्मा संभाल रहे थे. उन्होंने अपनी नई पारी अंजन टीवी के साथ शुरू की है. मनोज ने अंजन टीवी में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के पद पर ज्वाइन किया है. वे लगभग चार सालों से हमार टीवी को अपनी सेवाएं दे रहे थे. भोजपुरिया दर्शकों के बीच उनकी एक अच्छी पहचान है.
16 वर्ष पूर्व पटना दूरदर्शन पर भोजपुरी साहित्यकारों और कलाकारों के साक्षात्कार से मनोज ने अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत की थी. फिर 1998 में भोजपुरी के प्रथम टीवी सीरियल "सांची पिरितिया" में बतौर अभिनेता और 1999 में "तहरे से घर बसाएब" टीवी सीरियल में बतौर कथा-पटकथा, संवाद व गीत लेखक जुड़े. हाल ही में मनोज ने दो भोजपुरी फिल्मों ''सौगंध गंगा मईया के'' और ''रखवाला" में अभिनय भी किया. महुआ के लोकप्रिय रियलिटी शो ''भौजी न. 1'' में बतौर जज और अधिकारी ब्रदर्स के दबंग चैनल के "बहुत ख़ूब'' में बतौर कवि भी मनोज ने अपनी सेवाएं दीं.
तस्वीर जिंदगी के( ग़ज़ल-संग्रह) एवं चलनी में पानी ( गीत- संग्रह) मनोज की चर्चित पुस्तकें हैं। मनोज भारतीय भाषा परिषद सम्मान, भाऊराव देवरस सेवा सम्मान, भिखारी ठाकुर सम्मान, राही मासूम रजा सम्मान, बेस्ट एंकर अवार्ड समेत दर्जनों सम्मानों से नवाजे गए हैं. मनोज के अंजन टीवी से जुड़ने को बड़ी सफलता माना जा रहा है. मनोज भावुक के रूप में चैनल को एक ऐसा चेहरा मिल गया है जिसकी भोजपुरिया लोगों में अच्छी पहचान है.
