भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे जनयुद्ध से भ्रष्टाचारी कितने बौखला गए हैं, इसका ताज़ा उदाहरण कल शाम देखने को मिला. इंडिया अगेंस्ट करप्शन के प्रमुख नेताओं में से एक डॉ. कुमार विश्वास के निवास पर कल शाम एक दर्ज़न से ज्यादा संदिग्ध युवकों ने धावा बोल दिया. इन युवकों ने पहले कुमार विश्वास के घर को घेर लिया.
उस समय डॉ कुमार एबीपी न्यूज पर घर बैठे लाइव दे रहे थे. उनके ड्राइवर की सूझबूझ से घर का दरवाजा बंद कर लिया गया. तब भी वो युवक आधे घंटे तक उनके घर को घेरे खड़े रहे. कुछ समय बाद कुछ और मेहमानों के आगमन से डॉ कुमार विश्वास के निवास पर उनके लोगों की ज्यादा संख्या देख कर वो युवक अपने-अपने वाहनों में बैठ कर भाग गए.
इससे पहले मनीष सिसोदिया के घर पर तीन युवक दिन के समय उनकी पत्नी को सामने से हटा कर अन्दर घुस गए थे. वो मनीष के घर में घुस कर उन्हें ढूंढने लगे और उन्हें न पा कर वापस लौट गए. उनकी पत्नी को अगले दिन बच्चे को लेने को जब स्कूल जाना था तो रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक कर धमकाने की कोशिश की थी.
टीम केजरीवाल के लोगों का कहना है- ''इन लोगों को लगता है कि इन सब छोटी और घटिया गीदड़ भभकियों से टीम केजरीवाल के लोग डर जायेंगे पर यह सच नहीं है. हम आत्मरक्षार्थ कुछ भी करेंगे लेकिन देश को लूट रही भ्रष्टाचारी ताकतों के सामने जम कर खड़ा होना बंद नहीं करेंगे क्योंकि
इस देश के आम आदमी की ताक़त को ये डरे हुए लोग शायद कम आंक रहे हैं.''
घटना के बारे में डा. कुमार विश्वास ने फेसबुक पर जो लिखा है, वह इस प्रकार है- ''कल की घटना के बाद से सब साथी, शुभचिंतक और परिवारजन हमारी सुरक्षा को ले कर चिंतित हैं. लेकिन साथ ही इस बात से सब उत्साह में भी हैं कि हमारा प्रयास रंग ला रहा है, क्यूँकि घर तक लोग भेजने से इन भ्रष्टाचारियों का डर ज्ञापित हो रहा है. आज ऑफिस में दिवाली जैसे त्यौहार के दिन, इस उम्र में मोदीनगर के पूठरी गाँव से चलकर एक ताऊ जी आये हैं. कल की घटना पर, मुझे टी.वी. पर बिना मुस्काए बात करते देख कर चिंतित हो उठे हैं. कहते हैं "बेट्टा उसी तरह मुस्का के बोल जैसे बोलता है ,महारा सारा गाम और हम सब तेरे और तेरे साथियों के साथ हैं ,डरियो मत!" आखँ भर आई और मन बड़ा हो गया…. अन्दर से गूँज उठ रही है…"तेरा वैभव अमर रहे माँ हम दिन-चार रहे न रहें..!" आप सब भी अंतर के दीपक को हिम्मत की आग से रोशन करें इस दिवाली..इस हिम्मतवर बुजुर्ग की तरह ! वादा है अँधेरा हारेगा ! जय हिन्द !''





