धर्मशाला। धर्मशाला घूमने आए एनडीटीवी न्यूज चैनल के रिपोर्टर के गुम होने के 10 दिनों बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीते 24 नवम्बर से लापता दिल्ली में एनडीटीवी न्यूज चैनल में रिपोर्टर का काम करने वाले एन रवि की तलाश ट्रैकिंग स्थल त्रियुंड सहित नड्डी व आस-पास के क्षेत्रों में की गई है लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
मैक्लोडगंज थाना के एसएचओ गुरबचन सिंह के मुताबिक उक्त रिपोर्टर को ढूंढऩे के लिए पुलिस सहित स्थानीय ट्रैकरों और स्नैपर ने कई जगह तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि जिस गैस्ट हाउस में यह रिपोर्टर ठहरा था उसके स्टाफ को उसने 24 नवम्बर को सुबह पहले नड्डी और फिर ट्रैकिंग स्थल त्रियुंड जाने की बात कही थी। दो-तीन दिनों तक उसके वापस न लौटने पर गैस्ट हाउस के स्टाफ ने इसके गुम होने की सूचना स्थानीय पुलिस थाना मैक्लोडगंज को दी थी जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है हैलीकॉप्टर द्वारा भी उसे ढूंढऩे का प्रयास किया गया लेकिन फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है।
बताया जा रहा है कि एन रवि बीते 23 नवम्बर को दिल्ली से मैक्लोडगंज पहुंचा था जहां वह जोगीवाड़ा रोड स्थित पाइनवुड गैस्ट हाउस में रात को ठहरने के बाद 24 नवम्बर को सुबह नड्डी के लिए निकला था। नड्डी के बाद उसका त्रियुंड के लिए निकलने का प्लान था। अब ऐसे में किसी को भी कोई जानकारी नहीं है कि आखिर वह कहां गया और उसे क्या हुआ। पुलिस के लिए भी उक्त रिपोर्टर को ढूंढऩा काफी मुशिकल भरा काम बन चुका है। हालांकि हर दिन उसकी तलाश में स्थानीय ट्रैकरों के साथ मिलकर जगह-जगह उसे तलाशा जा रहा है। एन. रवि दक्षिण भारत का रहने वाला बताया जा रहा है जो दिल्ली से एनडीटीवी न्यूज चैनल के लिए काम कर रहा था। (ट्रिब्यून)





