: सलाह केंद्र शुरू किया : यशवंत और ब्रजभूषण के हाथों कराया लोकार्पण : पत्रकारिता के बिगड़ते रूप को देखकर पढ़े-लिखे पत्रकार मेनस्ट्रीम मीडिया से मुंह मोड़ने लगे हैं. स्थितियां ऐसी होती जा रही हैं कि पत्रकार अब पत्रकारिता छोड़ रोजी-रोजगार के दूसरे धंधों के साथ लोगों को जागरूक करने के दूसरे तरीके अपनाने लगे हैं. तमाम ऐसे पत्रकार हैं, जिन्हें लगता है कि वे कारपोरेट मीडिया के माध्यम से वो नहीं कर पा रहे हैं, जिसके करने का सपना-सोच लेकर पत्रकारिता में कदम रखा था, वो पत्रकारिता छोड़ जनसेवा एवं जीविकोपार्जन की दूसरी राहों की तरफ मुखातिब हो रहे हैं.
पिछले दिनों बिहार के कृष्ण कुमार कन्हैया ने पत्रकारिता छोड़ किसानों के बीच पहुंच गए तो ताजा मामला यूपी के गाजीपुर जिले का है. यहां कई वर्षों तक तमाम अखबारों एवं चैनलों को अपनी सेवा देने के बाद पत्रकार कृपा कृष्ण उर्फ केके भी अब जनसेवा एवं जीविकोपार्जन के दूसरे रास्ते पर कदम रख चुके हैं.

केके ने गाजीपुर के कचहरी में एक सलाह केंद्र की स्थापना की है. इस केंद्र का लोकार्पण भड़ास4मीडिया के संपादक यशवंत सिंह और वरिष्ठ समाजसेवी व आम आदमी पार्टी के नेता ब्रजभूषण दुबे ने किया. इस अभियान में वरिष्ठ समाजसेवी ब्रजभूषण दुबे की भूमिका सराहनीय है. यशवंत ने इस मुहिम की सराहना करते हुए इसे गांव स्तर तक ले जाने तथा लोगों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण पर जोर दिया.
केके इस केंद्र के माध्यम से गरीब एवं कम-पढ़े लिखे लोगों को निशुल्क सलाह उपलब्ध कराएंगे. केके कहते हैं कि तमाम लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी नहीं होती. जानकारी होती भी है तो ये पता नहीं होता कि ये काम किस तरह से होगा, किस अधिकारी के पास जाने से होगा, किस विभाग में होगा. हम इन्हीं सब जानकारियों को निशुल्क लोगों को उपलब्ध कराएंगे. आईटीआई लगाने, भष्टाचार की शिकायत करने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह मुफ्त में लोगों को दी जाएगी. वे बताते हैं कि हम अपनी आमदनी के लिए जॉब वर्क पर निर्भर होंगे. यहां पर टाइपिंग और फोटो स्टेट जैसी सुविधाएं भी होंगी, जो लोगों को सशुल्क मिलेंगी. ये इसलिए किया जा रहा है ताकि इस केंद्र के संचालन का खर्च निकल सके.

केके गाजीपुर के पढ़े लिखे पत्रकारों में शुमार हैं. एमएम, एमकॉम, एमजे, एलएलबी की शिक्षा प्राप्त केके सम्यक भारत, लोक सत्य, पीस मेकर, बादल राग, सत्या टीवी, जनमत न्यूज, दूरदर्शन, सीएनवी7, आर्यन टवी, सी न्यूज, यूपी न्यूज, महुआ न्यूज जैसे संस्थानों को अपनी सेवा दे चुके हैं.
केंद्र के संचालन के लिए कई लोगों की टीम बनाई गई है. संचालन समिति ने बताया कि अब प्रत्येक सोमवार, शुक्रवार व शनिवार को निःशुल्क परामर्श व समस्या समाधान के लिये कचहरी स्थित हेल्प लाइन केन्द्र पर सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं मीडिया कर्मी लोगों के लिये उपस्थित रहेंगे. इस केंद्र के उदघाटन के मौके पर मनीष, केके, अंजनी, सूर्यवीर, संजीव, राजेश आदि पत्रकार व तमाम सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.
केके से फेसबुक पर संपर्क इस लिंक पर क्लिक करके कर सकते हैं- http://www.facebook.com/kripa.krishna.39






