नोएडा : नोएडा में कोई भी सुरक्षित नहीं है. खबर है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-44 के सामने चार बदमाशों ने एक चैनल में काम करने वाले मीडिया कर्मी से कार लूट ली. कर्मी की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि अभी तक कार लुटेरों का कोई अता-पता नहीं चल पाया है. हमेशा की तरह पुलिस बस अंधेरे में तीर मारने में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार सेक्टर 16 फिल्म सिटी में स्थित एक चैनल में सीनियर मैनेजर के रूप में काम करने वाले नितिन वशिष्ठ सेक्टर 93 के पार्क व्यू एक्सप्रेस अपार्टमेंट में अपने परिवार के साथ रहते हैं. बुधवार की रात वे कार्यालय से अपनी सेंट्रो कार लेकर निकले. वे जब नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर सेक्टर 44 के पास पहुंचे तो पेशाब करने के लिए कार रोककर नीचे उतरे. वे जब वापस कार में बैठने के लिए जा ही रहे थे, तभी चार बदमाश आ धमके. चारों ने तमंचे के बल पर उनसे कार लूट ली. चारो बदमाश कार लेकर एक्सप्रेस वे से ही ग्रेटर नोएडा की तरफ भाग निकले. घटना से हतप्रभ नितिन ने इसकी सूचना पुलिस को दी. बाद में उन्होंने सेक्टर 49 थाने में मामला दर्ज कराया.





