नई दिल्ली। नवीन जिंदल की कंपनी से खबर ना दिखाने की एवज में सौ करोड़ रुपये मांगने के केस में गिरफ्तार जी के दो संपादकों की आज फिर से कोर्ट में पेशी होनी है। ग्रुप के मालिक सुभाष चंद्रा से भी क्राइम ब्रांच आज लगातार तीसरे दिन पूछताछ कर सकता है। इससे पहले पुलिस की क्राइम ब्रांच शनिवार को नौ घंटे तथा रविवार को 7 घंटे तक सुभाष चंद्रा तथा पुनीत गोयनका से पूछताछ कर चुकी है। पूछताछ के बाद चंद्रा ने मीडिया में बयान दिया है कि उन्हें पूरे मामले के बारे में तब पता चला जब पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई।
चंद्रा और पुनीत रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचे। इनसे पुलिस ने शनिवार को भी साढे नौ घंटे तक पूछताछ की थी। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान पुलिस ने चंद्रा से पूछा कि क्या समीर आहूलवालिया ने जिंदल से चल रही बातचीत के बारे में उन्हें फोन पर बताया था। पुलिस का दावा है कि उसके पास जी बिजनेस के हेड समीर अहलूवालिया और चंद्रा के बीच हुई 286 सेकेंड हुई बातचीत का रिकॉर्ड है। तो सुभाष चंद्रा ने डील की जानकारी से इनकार कर दिया।
कारोबारी नवीन जिंदल ने अपने इस आरोप के पक्ष में स्टिंग की एक सीडी भी पेश की है। रविवार को हुई पूछताछ में कई बार सुभाष चंद्रा, पुनीत और जी के दोनों संपादकों को आमने सामने बिठाया गया तो कई बार सबसे अलग-अलग भी पूछताछ की गई। गौरतलब है कि पुलिस के अनुरोध पर कोर्ट ने शनिवार को जी संपादक सुधीर चौधरी और समीर आहुलवालिया को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। दोनों को आज फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा। जबकि कोर्ट ने 14 दिसंबर तक सुभाष चंद्रा एवं पुनीत गोयनका की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।






