इंडिया न्यूज से बड़ी खबर आ रही है. इंडिया न्यूज समूह के कई चैनलों के हेड रह चुके इसरार शेख ने इस्तीफा दे दिया है. वे लगभग तीन सालों से इंडिया न्यूज को अपनी सेवाएं दे रहे थे. माना जा रहा है कि नई परिस्थितियों में वे खुद को फिट नहीं पा रहे थे. फिलहाल वे कहीं ज्वाइन नहीं कर रहे हैं. इसरार पिछले सत्रह सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान के पहले प्राइवेट चैनल टीवीआई से की थी. इसके बाद से जी न्यूज चले गए. यहां से इस्तीफा देकर सहारा समय नेशनल चैनल से जुड़ गए. इंडिया टीवी की लांचिंग के समय यह इस चैनल के साथ डिप्टी एडिटर के रूप में अपनी पारी शुरू की. यहां से इस्तीफा देने के बाद ये इंडिया न्यूज चले आए थे.
इस्तीफे के संदर्भ में पूछे जाने पर इसरार का कहना है कि उन्होंने एक ब्रेक लिया है. वे काफी समय से मीडिया इंडस्ट्री से एक ब्रेक चाहते थे. कहीं कोई प्रॉब्लम या दिक्कत नहीं है. इंडिया न्यूज में सभी का सहयोग मिला. भावी योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी वे ब्रेक के बारे में सोच रहे हैं, बाद की चीजें ब्रेक के बाद सोची और देखी जाएंगी.





