हरियाणा यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (एचयूजे) और नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) ने जालंधर (पंजाब) में टीवी पत्रकार अश्विनी मल्होत्रा पर जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एनयूजे के राष्ट्रीय सचिव और पंजाब प्रभारी संजय राठी ने कहा है कि हैरानी की बात है कि व्यस्त बाजार में दर्जनों हथियारबंद लोग निर्दोष पत्रकार पर टूट पड़े और सूचना के बाद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हमलावर नशे में थे और अपने को शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता बता लोगों को धमका रहे थे।
राठी ने कहा कि पंजाब पुलिस ने इस मामले में कोई ढील बरती तो पत्रकार संगठन सड़कों पर उतर आएंगे। उधर, पंचकूला में इस संदर्भ में एचयूजे की संजय राय की अध्यक्षता में आपात बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से फैसला हुआ कि अगर मामले में राजनीतिक पक्षपात करने की कोशिश तो संगठन आंदोलन करने पर विवश होगा। संजय राय ने कहा कि यह हमला मल्होत्रा पर नहीं बल्कि पूरी मीडिया पर है। इससे पत्रकारों में असुरक्षा का माहौल पैदा होगा। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल, जिनके पास गृह मंत्रालय भी है, से कहा कि वे निजी तौर पर मामले में रुचि लेकर सभी हमलवारों की गिरफ्तारी यकीनी बनाएं।
टीवी पत्रकार अश्विनी मल्होत्रा इस समय अस्पताल में उपचाराधीन है। हमलावरों ने उन्हें तलवारों और अन्य धारदार हथियारों से बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। जलंधर में सरेआम व्यस्त इलाके में जब कुछ युवकों ने लड़की को घेर लिया तो मल्होत्रा ने उन्हें ऐसा करने से रोका था। एनएयूजे और एचयूजे संगठन जल्द ही इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल से मुलाकात करेंगे।






