पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के चेंगड़ाबांधा में न्यूज कवरेज के लिए गए पत्रकार के साथ कुछ लोगों ने मारपीट किया. उसका कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया. यह घटना मेखलीगंज प्रखंड के भोटबाड़ी में घटी. पत्रकारों की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है. इनसे पूछताछ की जा रही है. इस घटना के बाद से पत्रकारों में नाराजगी है, वे आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार पत्रकार अनारुल इस्लाम इलाके के मस्जिद को लेकर चल रहे दो गुटों के विवाद को कवरेज करने गए थे. वे इस खबर के बारे में पूछताछ कर फोटो खींच ही रहे थे कि विवाद में शामिल एक गुट भड़क गया तथा पत्रकार अनारुल पर हमला कर दिया. उन्हें मारपीट कर आंशिक रूप से घायल कर दिया गया. कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. अनारुल ने अपने साथ हुए हादसे की जानकारी पत्रकारों को दी. पत्रकारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
पत्रकार के साथ हुई घटना की निंदा मेखलीगंज महकमा जर्नलिस्ट क्लब ने की है. क्लब के सचिव ने इस हमले को निंदनीय बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. श्री शर्मा ने बताया कि क्लब की तरफ से इस घटना की जानकारी एसपी को भी दे दी गई है. गिरफ्तारियों के संदर्भ में पू्छे जाने पर मेखलीगंज थाने के ओसी विश्वाश्रय सरकार ने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.





