लखनऊ से खबर है कि नेशनल दुनिया के पत्रकार आलोक तिवारी का निधन हो गया. वे 45 वर्ष के थे. लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआई) में उनका इलाज चल रहा था. रविवार की रात हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया. आलोक नेशनल दुनिया में बिजनेस डेस्ट के हेड थे. उनकी गिनती अच्छे बिजनेस पत्रकारों में की जाती थी. बताया जा रहा है कि दिल्ली में उन्हें मलेरिया हो गया था, परन्तु डाक्टरों ने गलत दवाई दे दी.
हालत खराब होने पर परिजन उन्हें पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया. पिछले पांच-छह दिनों से उनका इलाज चल रहा था. अचानक रविवार की रात हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हो गया. आलोक तिवारी का अंतिम संस्कार उन्नाव जिले के शुक्लागंज स्थित मिश्रा घाट पर किया गया. इस दौरान काफी संख्या में पत्रकार तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे. वे अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं. आलोक के माता-पिता अपने सामने अपने होनहार बच्चे को खोकर टूट गए हैं. मूल रूप से उन्नाव जिले के शुक्लागंज के रहने वाले आलोक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत दैनिक जागरण, कानपुर से की थी. इसके बाद वे हिंदुस्तान, कानपुर, अमर उजाला, बरेली के बाद नेशनल दुनिया, दिल्ली पहुंचे थे. उनके निधन पर पत्रकारों ने गहरा शोक जताया है.





