नई दिल्ली : उद्योगपति और सांसद नवीन जिंदल की कंपनी से सौ करोड़ रुपये की उगाही के आरोप में गिरफ्तार किए गए जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी और जी बिजनेस के संपादक समीर आहलूवालिया को जमानत मिल गई है. दोनों संपादकों की जमानत पर सुनवाई करते हुए साकेत कोर्ट ने दोनों को जमानत दे दी. सुधीर और समीर पर जिंदल की कंपनी ने आरोप लगाया था कि वे लोग कोयला ब्लॉक आवंटन से जुड़ी खबरें ना दिखाने के लिए सौ करोड़ रुपये की मांग की थी.
जिंदल ने प्रेस कांफ्रेंस करके एक सीडी भी मीडिया में जारी की थी, जिसमें दोनों संपादकों को सौ करोड़ रुपये के विज्ञापन डील की बात करते दिखाया गया था. जी न्यूज के प्रमुख सुधीर चौधरी और जी बिजनेस के संपादक समीर अहलूवालिया ने जमानत के लिए दी गई नई याचिका में कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग करने का वादा किया है. इससे पहले दो बार को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी.
उल्लेखनीय है कि 2 अक्टूबर को जिंदल की कंपनी की तरफ से इन दोनों संपादकों के अलावा जी समूह के मालिक सुभाष चंद्रा एवं उनके पुत्र पुनीत गोयनका के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था. जांच के बाद 27 नवम्बर को पुलिस ने दोनों संपादकों को अरेस्ट कर लिया था, जबकि सुभाष चंद्रा एवं पुनीत गोयनका से इस मामले में पूछताछ की गई.






