कई मोर्चों पर मुश्किलों से जूझ रहे सहारा को राहत मिलती नहीं दिख रही है. अब तक सेबी के निशाने पर रहा सहारा समूह इस समय पीएफ के मामले को लेकर परेशान है. खबर है कि गोरखपुर के इनकम टैक्स विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर विजय भारती सहारा के लखनऊ स्थित ऑफिस में पिछले तीन दिनों से डेरा डाले हुए हैं. गोरखपुर से मिली जानकारी के अनुसार यह असिस्टेंट कमिश्नर कुछ शिकायतों के बाद सहारा के पीएफ मामले में छापेमारी और जांच करने लखनऊ पहुंचा है. इसके चलते सहारा वाले तनाव में हैं.
गोरखपुर के सूत्रों ने बताया कि किसी ने सहारा के कर्मचारियों के पीएफ में गड़बड़ी की शिकायत की थी, जिसके बाद जांच की जिम्मेदारी विजय भारती को सौंपी गई है. इसके बाद यह अधिकारी पूरे लाव लश्कर के साथ पीएफ में गड़बडि़यों की जांच के लिए लखनऊ स्थित सहारा इंडिया भवन के कार्यालय में छापा मारा है. हालांकि कर्मचारी इस अधिकारी का कोई सहयोग नहीं कर रहे हैं. पूछे जाने पर वे केवल इतना कह रहे हैं कि सारे कागजात ओपी श्रीवास्तव के पास हैं. ओपी श्रीवास्तव इस समय विदेश में हैं. पिछले तीन दिनों से सहारा इंडिया भवन में इस अधिकारी से तनातनी चल रही है.
सूत्रों का कहना है कि सहारा अपने कर्मचारियों का पीएफ को पीएफ एकाउंट में जमा करने की बजाय एक ट्रस्ट में जमा करते हैं. यह ट्रस्ट सहारा समूह का बताया जाता है. उक्त अधिकारी सहारा इंडिया भवन में जांच कर रहा है, जहां पर समूह के सारे कर्मचारियों के कागजात और पीएफ एकाउंट की जानकारी रखी जाती है. कर्मचारी ओपी श्रीवास्तव के सिर पर सारी जिम्मेदारी डाल रहे हैं तथा अधिकारी की जांच में कोई मदद नहीं कर रहे हैं. जिसके चलते पिछले तीन दिनों से सहारा इंडिया भवन में तनाव का माहौल बना हुआ है. पर अधिकारी भी पूरे मामले की जांच करने के बाद ही वहां से वापस गोरखपुर जाना चाहता है.






