एबीपी न्यूज समेत तीन चैनलों का संचालन करने वाला आनंद बाजार पत्रिका समूह अब एक और चैनल लांच करने जा रहा है. एबीपी अब पंजाबी समूह में रीजनल चैनल लांच करने जा रहा है. यह इस समूह का तीसरा रीजनल चैनल होगा. इसके पहले एबीपी समूह एबीपी आंनदा नाम से बंगाली तथा एबीपी माझा नाम से मराठी चैनल का संचालन कर रहा है. जबकि एबीपी न्यूज इस समूह का नेशनल चैनल है. बताया जा रहा है कि यह समूह के विस्तार योजना की रणनीति का हिस्सा है.
सूत्रों का कहना है कि अगले साल की शुरुआती महीनों में इस चैनल को विधिवत लांच कर दिया जाएगा. इसके लिए भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. उल्लेखनीय है कि बड़े अखबारों की तरह चैनलों में भी राज्य तथा भाषा स्तर पर स्थापित होने की परम्परा बढ़ रही है. इसी का परिणाम है कि तमाम चैनल रीजनल स्तर पर कई भाषाओं में उतरने की तैयारी कर रहे हैं. पंजाब में चैनल का मार्केट अभी पूरी तरह खाली है. पीटीसी न्यूज समेत कुछेक अन्य चैनलों को छोड़ दें तो इस भाषा में न्यूज चैनलों के लिए बाजार मौजूद है.






