बेहतर रिपोर्टिंग करने के लिए शनिवार को कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया है. दिल्ली के कांस्टिट्यूशन क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री निनोंग इरिंग ने इन सभी पत्रकारों को सम्मानित किया. जिन पत्रकारों को सम्मानित किया गया उनमें सहारा समय के सीनियर क्राइम रिपोर्टर नवीन लाल सूरी, एनडीटीवी के परिमल कुमार, न्यूज24 के मोहित मलहोत्रा तथा जी के प्रकाश कुमार शामिल हैं. इन सभी लोगों को बेहतर काम के लिए पुरस्कृत किया गया.
नवीन लाल को गाजियाबाद पुलिस पर किए गए स्टोरी 'लापता लोगों को बिना तलाशे कैसे करती है यूपी पुलिस लावारिश दिखाकर अंतिम संस्कार' के लिए पुरस्कृत किया गया. नवीन इसके पहले भी कई पुरस्कारों से पुरस्कृत हो चुके हैं. वे स्टार न्यूज, बीएजी तथा आईबीएन7 को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. बीएजी के लिए उन्होंने रेड एलर्ट और सनसनी के लिए कई बड़ी स्टोरियां कवर की. मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले नवीन ने भड़ास द्वारा पूछे जाने पर कहा कि वे अपना सम्मान देश की उस बहादुर लड़की को समर्पित करते हैं, जिसे बलात्करी दरिंदों के चलते असमय इस दुनिया से जाना पड़ा. इस मौके पर संदीप मारवाह, ब्रहम कुमार, विपिन गौड़ समेत कई चैनलों तथा अखबारों से जुड़े पत्रकार तथा रिपोर्टर मौजूद रहे.







