प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने सिने एंड टीवी कलाकार संघ (सिंटा) में महुआ चैनल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका अरोप है कि चैनल ने 'कौन बनेगा करोड़पति' शो के भोजपुरी संस्करण का संचालन करने के लिए उनके मेहनताना की रकम अदा नहीं की है। मुहआ चैनल पर प्रसारित हुए प्रसिद्ध शो कौन बनेगा करोड़पति के भोजपुरी संस्करण का संचालन शत्रुघ्न ने ही किया था।
सिंटा के महासचिव धर्मेश तिवारी ने बताया कि शत्रुघ्न ने शिकायत दर्ज कराई है। अब संघ ने चैनल को सात दिन का समय दिया है। अब तक चैनल द्वारा कोई जबाव नहीं दिया गया है। बताया जाता है कि शत्रुघ्न ने शिकायत दर्ज कराने से पहले चैनल से भी बात की थी। शत्रुघ्न के अलावा शो में मेहमान के तौर पर आयी हेमा मालिनी, धर्मेंद्र, सोनाक्षी सिन्हा और गोविंदा जैसे कलाकारों को भी उनके द्वारा जीती हुई रकम अदा नहीं की गई है। यह राशि परमार्थ के लिए घोषित की गई थी।
तिवारी ने बताया कि फिलहाल सिन्हा ने ही इस मामले में उनके पास शिकायत दर्ज कराई है। तिवारी का कहना है कि नियमों के अनुसार चैनल को अब सात दिन का समय दिया गया है और यदि सात दिन की अवधि के भीतर चैनल की तरफ से कोई जवाब नहीं आता है तो उनको पुन: सूचना भेजी जाएगी। साभार : एजेंसी





