बीजिंग : चीन में एक दशक से ज्यादा समय से काम कर रहे न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकार का वीजा की अवधि नहीं बढ़ाए जाने पर उन्हें देश से बाहर का रास्ता देखना पड़ा है। ऐसा माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के परिवार के पास कथित तौर पर 2.7 अरब डॉलर की संपत्ति होने के संबंध में अखबार में प्रकाशित खबर के कारण उनकी वीजा अवधि नहीं बढ़ाई गई है। वर्ष 2000 से चीन में बतौर संवाददाता काम कर रहे 45 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई नागरिक क्रिस बकली सोमवार को अपने परिवार के साथ हांगकांग से चले गए।
दि टाइम्स की एक खबर के अनुसार, बकली को एक दूसरे पत्रकार के स्थान पर काम करना था लेकिन चीनी अधिकारियों ने बार-बार अनुरोध के बावजूद 31 दिसंबर से पहले उनकी बात नहीं सुनी। उन्हें अपने परिवार के साथ हांगकांग छोडऩा पड़ा। खबर के अनुसार, बकली की वीजा के अलावा चीन ने बीजिंग के नए ब्यूरो चीफ फिलिप पी पैन की मान्यता भी रोक रखी है। पैन ने अपने वीजा के लिए मार्च में आवेदन दिया था लेकिन अभी तक उसपर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। द टाइम्स के कार्यकारी संपादक जिल अब्रासन ने कहा, ‘‘मुझे आशा है कि चीनी अधिकारी जल्दी ही क्रिस को वीजा दे देंगे और वे अपने परिवार के साथ बीजिंग वापस आ सकेंगे।’’ (पंजाब केसरी)





