चीन में एक दशक से ज्यादा समय से काम कर रहे न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकार का वीजा नवीकरण नहीं होने पर उन्हें देश से बाहर जाने को मजबूर होने की खबरों को बीजिंग ने गुरुवार को खारिज किया है। अखबार ने लगातार प्रधानमंत्री वेन च्याबो के परिवार के पास कथित तौर पर अरबों डॉलर की संपत्ति होने के संबंध में खबरें प्रकाशित की थीं। अखबार ने अपनी खबर में कहा था कि वर्ष 2000 से चीन में बतौर संवाददाता काम कर रहे 45 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई नागरिक क्रिस बकली सोमवार को अपने परिवार के साथ बीजिंग से हांगकांग चले गए। उन्होंने हाल ही में द न्यूयॉर्क टाइम्स के साथ काम करना शुरू किया था।
बकली के संबंध में सवाल करने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि कोई तथा-कथित नामंजूरी नहीं हुई है। अधिकारी ने कहा कि उनके वीजा आवेदन पर काम किया जा रहा है। वर्तमान में उनका आवेदन सभी मानकों पर खरा नहीं उतरता है। इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि उसमें देरी की जा रही है। अधिकारी ने अपना नाम बताने और वीजा आवेदन किन मानकों पर खरा नहीं उतर रहा है इस संबंध में सूचना देने से इंकार कर दिया। अखबार ने खबर छापी थी कि बकली को एक दूसरे पत्रकार के स्थान पर काम करना था लेकिन चीनी अधिकारियों ने बार-बार अनुरोध के बावजूद 31 दिसंबर से पहले उनकी बात नहीं सुनी। उन्हें अपने परिवार के साथ बीजिंग छोड़ना पड़ा।
खबर के अनुसार, बकली की वीजा के अलावा चीन ने बीजिंग के नए ब्यूरो चीफ फिलिप पी पैन की मान्यता भी रोक रखी है। पैन ने अपने वीजा के लिए मार्च में आवेदन दिया था लेकिन अभी तक उसपर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स के कार्यकारी संपादक जिल अब्रासन ने कहा कि मुझे आशा है कि चीनी अधिकारी जल्दी ही क्रिस को वीजा दे देंगे और वे अपने परिवार के साथ बीजिंग वापस जा सकेंगे। (एजेंसी)





