उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बलात्कार के एक मामले पर जिला पुलिस अधीक्षक डीके चौधरी की धमकी से मीडिया कर्मियों में आक्रोश है. चौधरी पर आरोप है कि नये साल के अवसर पर लगे एक मेले में हुए बलात्कार के सिलसिले में इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों के सवाल पूछे जाने पर उन्होंने भड़कते हुए कहा, ‘मैं अपनी ड्यूटी कर रहा हूं और आप अपनी ड्यूटी. यदि मुझे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गयी तो सबक सिखा दूंगा. सारे दिन कहा जाता है कि सामूहिक बलात्कार की खबरें चला देंगे. सनसनीखेज इंटरव्यू चलाकर सारे देश का माहौल बिगाड़ रखा है. मैं यहां वोट मांगने नहीं आया हूं और ना ही मुझे एक पैसे की परवाह है.’
नाराज मीडिया कर्मियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी रिग्जियान सैम्फिल को एक ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद उन्होंने मामले की जांच का आश्वासन दिया है. स्थानीय पत्रकार संगठनों ने कहा है कि वे इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से कार्रवाई के बारे में कुछ दिन प्रतीक्षा करेंगे और जरूरी हुआ तो आगे आंदोलन की रूपरेखा बनायी जायेगी. मीडियाकर्मियों का यह भी कहना है कि उक्त घटना के समय स्वयं जिलाधिकारी भी चौधरी के साथ मौजूद थे. (सहारा)





