दिलदारनगर में शनिवार को पूर्वाह्न समाचार संकलन के लिए जा रहे पत्रकार पर मनबढ़ युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पत्रकार की जान बचाई। इस मामले में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पत्रकारों में रोष है। दैनिक जागरण के स्थानीय संवाददाता अभिषेक श्रीवास्तव समाचार संकलन के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी बीच कपड़े की दुकान पर बैठा ताजपुर कुर्रा का युवक सैयद परवेज ने रास्ते में रोक लिया और जबरिया गलत समाचार छापने का दबाव बनाने लगा।
संवाददाता ने इंकार कर दिया। इससे क्षुब्ध युवक ने तैश में आकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अभिषेक पर हमला बोल दिया। शोर पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए तो हमलावर जान मारने की धमकी देते हुए भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पत्रकार मौके पर पहुंचे। घायल पत्रकार को लेकर थाने पहुंचे और मनबढ़ युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस हरकत में आई और हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। आक्रोशित पत्रकारों ने मीडिया प्वाइंट पर बैठक कर घटना की तीखी भर्त्सना की। इस मौके पर मु. एनुद्दीन, इंद्रासन यादव, शैलेंद्र चौधरी, सतेंद्र त्रिपाठी, मो. नौशाद, शत्रुघ्न कुशवाहा, नसीम अहमद, जर्नादन, जावेद आदि थे। अध्यक्षता डॉ. प्रेम कुमार तथा संचालन अजय कुमार सिंह ने की। (जागरण)





