हल्द्वानी : उत्तराखंड मुक्त विवि में शनिवार को पत्रकारिता व शोध छात्रों के लिए व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें बीबीसी हिंदी सेवा के वरिष्ठ पत्रकार राजेश जोशी व टीवी-रेडियो की वरिष्ठ पत्रकार ऋचा पंत ने व्याख्यान दिया। छात्रों को संबोधित करते हुए जोशी ने मीडिया और व्यवस्था के द्वंद्व का जिक्र किया। कहा कि समाज का परावर्तन ही मीडिया में झलकता है। जैसा समाज होगा वैसी ही पत्रकारिता होगी। पत्रकारों को देश और राष्ट्रीयता से उपर उठकर काम करना होगा। शोध छात्रों से उन्होंने कहा कि अखबारों में छपी हर बात को आप सही न मानें और उसे चेक जरूर करें।
उन्होंने कहा कि बीबीसी की क्रेडिबिलिटी इसलिए बनी क्योंकि वहा हर खबर को दो तरीके से क्रास चेक करने की परंपरा है। सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि आज केवल पूंजी का ही ग्लोबलाइजेशन हो रहा है जबकि इसमें लेबर का भी ग्लोबलाइजेशन होना चाहिए। वरिष्ठ टीवी-रेडियो पत्रकार ऋचा पंत ने कहा कि बहुत पेशेवर तरीके से पत्रकारिता करनी चाहिए। आपके आसपास खबरें बिखरी पड़ी हैं और उन पर आइडिया बनाने की जरूरत है। पत्रकार में हर हाल में सच कहने का बूता होना चाहिए।
कुलपति प्रो. एचपी शुक्ल ने कहा कि आज मीडिया की भूमिका एक गुरू की तरह से हो गई है और हमें अपने काम की चीजों को उससे सीखना चाहिए। शोध निदेशक व कुलसचिव प्रो गिरिजा पाडे ने कहा कि शोधार्थियों को विशेषज्ञों के संस्मरणों में से अपने काम के विषय को तलाशना चाहिए। कार्यक्त्रम संयोजक और पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह ने विशेषज्ञों का परिचय कराया और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शहर के तमाम पत्रकार भर मौजूद रहे। (जागरण)






