प्रदेश की सपा सरकार पत्रकारों को हर संभव सहायता व सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रयत्नशील है। पत्रकारों की समस्याओं को लेकर गठित कमेटी में विचार विमर्श हो चुका है बस इसको असलीजामा पहनाना बाकी है। उक्त बातें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामआसरे कुशवाहा द्वारा लखनऊ के राय उमानाथ वली प्रेक्षा गृह में प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और इसका निदान भी किया जायेगा। सम्मेलन में पहुंचे प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री डा. वकार अहमद शाह ने कहा कि सपा सरकार में पत्रकारों को जो सम्मान मिलता है वह अन्य किसी सरकार में नहीं मिला। समाज की वास्तविक स्थिति सहित अन्य जनहित समस्याओं को कलमकार अपनी लेखनी द्वारा सामने लाता है और काफी हद तक इससे समस्यायें उजागर होती हैं व निराकरण भी आसानी से हो जाता है। उन्होंने कहा कि तमाम ऐसी घटनायें जो आम तौर पर सामने नहीं आती मीडिया द्वारा ही प्रमुखता से उठायी जाती हैं। ऐसे में समाज में मीडिया की भूमिका सराहनीय है।
कार्यक्रम में नेपाल, पाकिस्तान सहित देश के तमाम प्रांतों के पत्रकारों ने शिरकत की। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चन्द्र कुशवाहा द्वारा पत्रकारों की समस्यायें व उनके निराकरण के लिए 17 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को सम्बोधित उनके प्रतिनिधि को सौंपा गया। सम्मेलन में पत्रकारों को प्रेरणा सम्मान देकर सम्मानित किया गया। वहीं विशिष्ट सेवाओं के लिए बांके नेपाल के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह थापा व बहराइच के मोतीपुर थानाध्यक्ष कैलाश यादव को भी श्रम मंत्री डा. वकार अहमद शाह द्वारा प्रेरणा सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार पूर्णलाल चूके, माधवराम वर्मा, पवन जायसवाल, बहराइच जिलाध्यक्ष कुंवर दिवाकर सिंह, डा.एम.एस.परिहार, अजीम मिर्जा, हनुमान गुप्ता, अनिल कुशवाहा, रेशम सिंह, प्रदीप मिश्र, शेर सिंह कसौधन, रजीम अहमद, शकील अंसारी, अतहर अली अज्जन, सलीम अंसारी, शैलेन्द्र कुमार, आर.ए.हाशमी, पंकज मिश्र, फुरकान, इरफान, संजय जायसवाल, दानिश, संजय श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश गुप्ता, संतोष वर्मा, राहुल सिंह, शकील अहमद, दुर्गेश कुशवाहा, सहित जिले के अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव सपा डा. अशोक बाजपेयी, राज्य सूचना आयुक्त बी.पी. मौर्या, पूर्व न्यायाधीश मोतीलाल तिलहरी, पी. कुमार, डा. सहदेव चौधरी, रजा रिजवी, ए.पी. दीवान सहित अन्य पत्रकार व राजनैतिक शामिल रहे।





