अमर उजाला, मेरठ के संपादक मृत्युंजय कुमार को प्रबंधन शिमला भेज रहा है. उन्हें अमर उजाला, हिमाचल का संपादक बनाकर भेजा जा रहा है. गिरीश गुरनानी के इस्तीफा देकर हिंदुस्तान चले जाने के बाद से ही यह पद खाली चल रहा था. इसका प्रभार एनई राजेंद्र सिंह संभाल रहे थे. अब राजीव सिंह को मेरठ का संपादक बनाए जाने के बाद मृत्युंजय कुमार को शिमला भेजा जा रहा है. इस यूनिट से ग्यारह एडिशन प्रकाशित किए जाते हैं, जिनमें धर्मशाला से आठ तथा चंडीगढ़ से तीन एडिशनों का प्रकाशन होता है.
मृत्युंजय कुमार तेजतर्रार पत्रकार माने जाते हैं. मेरठ आने से पहले वे गोरखपुर के संपादक थे. गोरखपुर में उन्होंने अमर उजाला को ऊंचाइयों पर पहुंचाया था. इसी को देखते हुए उन्हें मेरठ बुलाया गया था. अब जब मेरठ में राजीव सिंह ज्वाइन कर रहे हैं तो मृत्युंजय कुमार को हिमाचल में अखबार को और मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. संभावना है कि अगले दो-तीन दिनों में वे शिमला में अपना कार्यभार ग्रहण कर लेंगे.
मृत्युंजय कुमार ने अपने करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की थी. इसके बाद वे रोहतक में हरिभूमि की लांचिंग टीम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वे अमर उजाला से भी एक दशक से ज्यादा समय से जुड़े हुए हैं. वे अमर उजाला, जालंधर में लंबे समय तक रहे. इसके बाद उन्होंने जम्मू में भी संपादकीय प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई. इसके बाद इन्हें गोरखपुर का संपादक बना दिया गया था. जहां इन्होंने अमर उजाला को ऊंचाई देने के बाद कांपैक्ट की भी सफल लांचिंग कराई. इसके बाद मेरठ आ गए थे.






